
पब्लिक एग्जामिनेशन(अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन बिल,2026 को लेकर संसद में हंगामा खत्म होने की उम्मीद है।विपक्ष मंगलवार को इस बिल पर चर्चा शुरू करने के लिए सहमत हो गया है।सूत्रों के अनुसार,लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने विभिन्न राजनीतिक दलों के फ्लोर नेताओं से लगातार बातचीत की।उन्होंने इस विधेयक पर छह घंटे की विशेष चर्चा का प्रस्ताव रखा और कहा कि देश की प्रतियोगी परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सभी दलों का एकजुट होना जरूरी है।इस पहल के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों इस बात पर सहमत हो गए कि मंगलवार को विधेयक पर विस्तार से चर्चा होगी।बताया गया कि यदि विपक्ष अधिक समय चाहता है,तो चर्चा का समय भी बढ़ाया जा सकता है।जानकारी के अनुसार आज मंगलवार दोपहर 12 बजे से बिल पर चर्चा शुरू हो सकती है।इससे पहले सोमवार को लोक परीक्षा संशोधन बिल पेश किया गया।हालांकि विपक्ष के हंगामे की वजह से चर्चा नहीं हो सकी।विपक्ष छात्रों पर नीट पेपर लीक के विरोध प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज के मामले पर बहस के लिए अड़ा रहा।कांग्रेस का कहना था कि इस मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह सदन में आकर बयान दें।इस वजह से लोकसभा की कार्यवाही दिन में चार बार स्थगित हुई थी।

