शिमला:कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं की कीमतों में कमी के फैसले का भाजपा विधायक एवं प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी रणधीर शर्मा ने स्वागत किया है।उन्होंने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार व्यक्त किया।शिमला में पत्रकार वार्ता के दौरान रणधीर शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार के इस फैसले से कैंसर मरीजों और उनके परिवारों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी।उन्होंने बताया कि 27 अक्तूबर को जारी संशोधित मूल्य सूची के अनुसार कैंसर से संबंधित 543 दवाओं में से 397 दवाओं की अधिकतम खुदरा कीमतों में कमी की गई है।उन्होंने बताया कि कुछ दवाओं की कीमतों में 93 प्रतिशत तक की कटौती हुई है।उदाहरण के तौर पर पाल्बोसिक्लिब 125 एमजी दवा की कीमत 40,421 रुपये से घटकर 2,730 रुपये रह गई है।रणधीर शर्मा ने कहा कि कैंसर का इलाज पहले से ही काफी महंगा है और दवाओं की कीमतों में कमी से आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों को राहत मिलेगी।उन्होंने इस फैसले को मरीजों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *