भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा.राजीव बिंदल ने कांग्रेस पर देश में अराजकता का माहौल बनाने और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जनता में अविश्वास पैदा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि चुनावों में जनता द्वारा नकारे जाने के बाद कांग्रेस लोकतांत्रिक प्रक्रिया के बजाय बांग्लादेश जैसी परिस्थितियां पैदा कर सत्ता परिवर्तन का सपना देख रही है। बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन घुसपैठियों को संरक्षण देकर वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं।बिंदल ने कहा कि संविधान की दुहाई देने वाली कांग्रेस का इतिहास संवैधानिक मर्यादाओं को तोडऩे का रहा है।उन्होंने जम्मू-कश्मीर की पूर्व संवैधानिक व्यवस्था,निर्वाचित सरकारों को बर्खास्त करने और वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल का उल्लेख करते हुए कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल उठाए।उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान नागरिक स्वतंत्रताओं पर प्रतिबंध लगाए गए और लोकतांत्रिक अधिकारों को सीमित किया गया।बिंदल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और इंडी गठबंधन संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर देश में अविश्वास का वातावरण बनाने का प्रयास कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक,सामरिक और विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है,लेकिन कांग्रेस राजनीतिक हताशा में सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है।बिंदल ने घोषणा की कि भाजपा प्रदेश में ‘लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ’अभियान के तहत चार प्रमुख पदयात्राएं निकालेगी। पहली पदयात्रा 30 अक्तूबर को धर्मशाला में होगी।इसका नेतृत्व सांसद डा.राजीव भारद्वाज और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *