कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ऐलान किया कि हिमाचल में सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में एक लाख नौकरियों के साथ-साथ पुरानी पैंशन की बहाली को मंजूरी दी जाएगी।उन्होंने सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में शिमला संसदीय क्षेत्र की परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली को सम्बोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार में पांच वर्षों में सरकारी क्षेत्र में पांच लाख नौकरियां दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में सोलन में फूड प्रोसैसिंग पार्क बनाया जाएगा।उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास कर्मचारियों को पैंशन देने के लिए पैसा नहीं है लेकिन अपने उद्योगपति मित्रों को ऋण देने के लिए पैसा है।इसी का ही परिणाम है कि प्रदेश में करीब 2 लाख कर्मचारी पुरानी पैंशन की बहाली को लेकर धरने पर बैठे हुए हैं। हैरानी की बात है कि सरकार का एक प्रतिनिधि भी उनसे मिलने नहीं आया।

प्रियंका वाड्रा ने कहा कि भाजपा की सरकार न कर्मचारियों और न ही बेरोजगारों का सम्मान करती है।यही वजह है कि प्रदेश में सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों के करीब 65 हजार पद खाली पड़े हुए हैं। वर्तमान सरकार से नौजवान अपने अच्छे भविष्य की उम्मीद नहीं कर सकता। महिलाओं के लिए भी इस सरकार ने कुछ नहीं किया लेकिन प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही 18 वर्ष या इससे अधिक उम्र की महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए मिलेंगे।कांग्रेस ने इसकी गारंटी दी है और इसे लागू भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व उनके नेताओं के पास आम आदमी से मिलने के लिए समय नहीं है। जयराम सरकार ने पांच वर्षों में प्रदेश को 63200 करोड़ रुपए के कर्ज में डूबो दिया है।

भाजपा के रिवाज बदलने के नारे पर कसा तंज
प्रियंका वाड्रा प्रदेश में भाजपा के रिवाज बदलने के नारे पर तंज कसते हुए कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को बंद करके रिवाज तो पहले ही बदल दिया है।केन्द्र सरकार ने सेना भर्ती में अग्निवीर के नाम पर ठेकेदारी प्रथा शुरू कर दी है। यह देश के युवाओं के साथ छल है।उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन की सरकार ने युवाओं से उनका भविष्य छीना है।स्थिति यह हो गई है कि हिमाचल के कर्मचारी, महिलाएं, नौजवान व किसान अब इस सरकार को बदलना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशा बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस की सरकार में प्रदेश में नई ड्रग पॉलिसी बनाई जाएगी। यही नहीं, प्रदेशभर में नशा निवारण केन्द्र भी बनेंगे।उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जो 10 गारंटी दी हैं वह पूरी होंगी क्योंकि कांग्रेस की नीयत हमेशा साफ रही है। नौजवानों को स्वरोजगार देने के लिए 680 करोड़ रुपए का स्टार्ट फंड बनाया जाएगा।प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में 5-5 करोड़ रुपए का जीरो ब्याज पर नौजवानों को अपना कारोबार शुरू करने के लिए ऋण दिया जाएगा।

“स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने हमेशा शिक्षा क्षेत्र में विकास को दिया बढ़ावा “
प्रियंका वाड्रा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व.वीरभद्र सिंह ने हमेशा शिक्षा क्षेत्र में विकास को बढ़ावा दिया। अब कांग्रेस हर निर्वाचन क्षेत्र में सरकारी क्षेत्र में 4-4 अंग्रेजी मीडियम के स्कूल खोलेगी।उन्होंने कहा कि हिमाचल को बनाने का श्रेय जहां पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी को जाता है,वहीं प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने का श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वाईएस परमार, पूर्व मुख्यमंत्री स्व.ठाकुर रामलाल व पूर्व मुख्यमंत्री स्व.वीरभद्र सिंह को जाता है।उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी को हिमाचल से गहरा लगावा रहा है। उन्होंने परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली के माध्यम से प्रदेश की जनता को सरकार बदलने का आहवान किया है। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला,छतीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रताप बाजवा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, प्रतिपक्ष नेता मुकेश अग्निहोत्री, प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू व सोलन के विधायक व मैनिफैस्टो कमेटी के अध्यक्ष कर्नल धनीराम शांडिल सहित कई नेता उपस्थित थे।

“शूलिनी माता मंदिर में की पूजा-अर्चना, जयकारे से शुरू किया सम्बोधन”
प्रियंका वाड्रा सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली जाने से पहले शूलिनी माता मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान कांग्रेस के कई बड़े नेता उनके साथ उपस्थित थे।उन्होंने शूलिनी माता से आशीर्वाद लेने के बाद वह सीधे ऐतिहासिक ठोडो मैदान में परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली को सम्बोधित करने के लिए पहुंच गईं। रैली को सम्बोधित करने से पहले उन्होंने शूलिनी माता का जयघोष किया। इसके बाद उन्होंने अपना सम्बोधन शुरू किया।इस तरह से उन्होंने सोलन के लोगों से खुद को जोड़ने का प्रयास किया।

“धरने पर बैठे एनपीएस कर्मचारियों से मिलीं प्रियंका”
प्रियंका वाड्रा पुराने उपायुक्त परिसर में पुरानी पैंशन की मांग को लेकर धरने पर बैठे एनपीएस कर्मचारियों को मिलने पहुंच गईं।कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव का काफिला पुराने उपायुक्त चौक से ठोडो मैदान की ओर जा रहा था तो चौक पर अचानक रुक गया और वह गाड़ी से उतर कर कर्मचारियों से मिलने पहुंच गईं। उन्होंने उनके पास बैठकर बातचीत और वायदा किया कांग्रेस सरकार बनते ही पुरानी पैंशन बहाल होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *