
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले नुक्कड़-नुक्कड़ जाकर झूठी गारंटियां देकर जनसमर्थन हासिल किया।अब सरकार के चार वर्ष पूरे होने को हैं,किसी को गारंटी याद नहीं आई।अब जब पंचायती राज और स्थानीय निकाय चुनाव में जब कांग्रेस का सूपड़ा साफ हुआ,तो चुनावी वर्ष नजदीक आते ही मुख्यमंत्री को फिर माताओं-बहनों और अपनी घोषणाओं की याद आने लगी है।साथ ही उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में 18 लाख परिवार हैं तो सुखी परिवार का हिस्सा गिने चुने परिवार क्यों?क्या मुख्यमंत्री बाकियों को अपना परिवार ही नहीं मानते।जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने 18 से 59 वर्ष की सभी महिलाओं को पहली कैबिनेट से 1,500 प्रतिमाह देने की गारंटी दी थी।उस समय किसी पात्रता या आय सीमा का उल्लेख नहीं किया गया था।प्रदेश में इस आयु वर्ग की लगभग 28 लाख महिलाएं हैं।उन्होंने कहा कि 48 महीनों के हिसाब से प्रत्येक महिला के 72,000 बनते हैं और कुल राशि लगभग 20 हजार करोड़ होती है,लेकिन अब सरकार ने मात्र 3.50 लाख पात्र महिलाओं के लिए घोषणा की है।मुख्यमंत्री बताएं कि बाकी 24.50 लाख महिलाओं का क्या कसूर है?पहले सभी महिलाओं को गारंटी दी और अब दस से अधिक शर्तें लगाकर अधिकांश को बाहर कर दिया।यदि गारंटी पूरी नहीं कर सकते,तो प्रदेश की माताओं-बहनों से माफी मांगें। जयराम ठाकुर ने कहा कि 3.50 लाख महिलाओं को भी सालाना 1,500 प्रतिमाह देने के लिए लगभग 630 करोड़ चाहिए।चालू बजट में इसका स्पष्ट प्रावधान नहीं है,300 यूनिट मुफ्त बिजली की गारंटी पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने सामान्य परिवारों की खपत का आकलन करके 125 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा शुरू की थी।वहीं कंगना मामले में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सोनिया गांधी की किताब से संबंधित पोस्ट सांसद कंगना रणौत की निजी अभिव्यक्ति है।इस पर एफआईआर गलत है।जहां तक मंडी की बात है तो सरकार कोई भी उछलकूद कर ले,मंडी में कुछ नहीं होने वाला।
