जगत सिंह नेगी ने की बतौर मुख्यातिथि शिरकत।

अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 की अंतिम सांस्कृतिक संध्या संगीत,मनोरंजन और लोक संस्कृति के शानदार संगम के नाम रही।पंजाबी संगीत के लोकप्रिय गायक बब्बू मान की शानदार प्रस्तुति ने संध्या को यादगार बना दिया।प्रदेश सरकार के राजस्व,बागवानी,जनजातीय विकास एवं जन-शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे।इस दौरान उपायुक्त एवं अंतरराष्ट्रीय लवी मेला समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने मुख्यातिथि और अन्य अतिथिगणों को सम्मानित किया।

सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल प्रदेश सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।विशेष रूप से किन्नौरी लोकगीतों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों में खूब उत्साह भरा।राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने भी किन्नौरी लोक गायकों की प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया और लोक धुनों पर कलाकारों के साथ नृत्य कर सांस्कृतिक संध्या का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध पंजाबी गायक बब्बू मान रहे।उन्होंने अपनी लोकप्रिय गायकी से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।उनकी प्रस्तुति के दौरान पंडाल में मौजूद दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया और गीतों का भरपूर आनंद लिया।

अंतिम सांस्कृतिक संध्या में कविता किंटा,इंद्रजीत,दिलजीत, रमेश कटोच,भारती शर्मा,एक्सटन निक,राजेंद्र वर्मा,किशन वर्मा,नेहा दीक्षित,हिमांशी तंवर,हेमंत शर्मा,अशोक पालसरा, तांत्रा बॉयज सहित अन्य कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा।कलाकारों ने हिमाचली लोकगीतों,पहाड़ी संगीत और पंजाबी गीतों के माध्यम से दर्शकों को संगीत की विविध रंगों से रूबरू करवाया।

अंतरराष्ट्रीय लवी मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में लोक संस्कृति और आधुनिक संगीत का अनूठा संगम देखने को मिला।चार दिवसीय मेले के दौरान प्रतिदिन आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने जहां स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान किया,वहीं देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा दिया।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम,मिल्कफेड के अध्यक्ष बुद्धि सिंह,हिमकॉन के अध्यक्ष विकेश चौहान,एपीएमसी के अध्यक्ष देवानंद वर्मा,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, उपमंडलाधिकारी(नागरिक)एवं मेला आयोजन समिति के सचिव हर्ष अमरेंद्र सिंह,ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *