
शिमला:हिमाचल प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने ऑपरेशन सिंदूर,भारतीय सशस्त्र सेनाओं और राफेल विमान को लेकर विधानसभा में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की कथित टिप्पणियों पर कड़ा ऐतराज जताया है।सुरेश भारद्वाज के नेतृत्व में भाजपा नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को राज्यपाल कविंद्र गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग उठाई।राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने के बाद सुरेश भारद्वाज ने कहा कि विधानसभा के भीतर भारतीय सशस्त्र सेनाओं और ऑपरेशन सिंदूर जैसे संवेदनशील विषयों पर की गई कथित टिप्पणियां दुर्भाग्यपूर्ण हैं।उन्होंने मांग की कि विवादित टिप्पणियों को विधानसभा की कार्यवाही से हटाया जाए और पूरे मामले की जांच करवाई जाए।

मुख्यमंत्री से भी मांगा जवाब:भारद्वाज ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा राजस्व मंत्री का बचाव किए जाने पर भी सवाल उठाए।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री के पास अपने दावों के समर्थन में तथ्य हैं तो उन्हें सार्वजनिक रूप से सामने रखना चाहिए।भाजपा ने इस मामले में कांग्रेस पार्टी से भी प्रदेश की जनता से माफी मांगने की मांग की है।
