एसआईआर के मुद्दे पर नई दिल्ली में सोमवार को इंडिया गठबंधन के हुए प्रदर्शन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी शामिल हुए।डिप्टी सीएम-मंत्रियों,विधायकों और पीसीसी अध्यक्ष विनय कुमार समेत पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भी इस दौरान दिल्ली में भाजपा और चुनाव आयोग के खिलाफ हल्ला बोला।वहीं दिल्ली पहुंचे कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने हिमाचल भवन के बाहर भी सोमवार को प्रदर्शन किया।इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा पर खूब निशाना साधा।उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दो वर्ष पूर्व वोट चोरी का आरोप लगाया था,जो कि साबित हुआ है।उन्होंने भाजपा पर हमलावर होते हुए आरोप लगाया कि वे वोट चोरी तो करते ही हैं बाद में सरकार गिराकर एमएलए की चोरी भी करते हैं।सीएम ने कहा कि लोकतंत्र को कांग्रेस ने मजबूती प्रदान की और इसी लोकतंत्र के कारण ही पीएम मोदी बने है।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने के खिलाफ राहुल गांधी ने आवाज उठाई है।मुख्यमंत्री ने कहा कि जब राहुल गांधी ने वोट चोरी के खिलाफ आवाज उठाई,तो उसे अनसुना कर दिया गया।मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरा मानना है कि कुछ गलत हो रहा हो,तो देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी आवाज उठाती है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस का दायित्व बनता है कि लोकतंत्र की मजबूती और जहां वोट चोरी कर सत्ता प्राप्त की जाती है,उसके खिलाफ आवाज को सभी संवैधानिक संस्थाओं के समक्ष उठाया जाए।मुख्यमंत्री ने कहा कि जितनी आवाज दबाने की कोशिश की जाती है,उतने ज्यादा लोग उग्र होते है और मजबूत होकर आगे आते है।मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की यह लड़ाई लोकतंत्र और संविधान को बचाने की है।पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने हिमाचल भवन के बाहर भाजपा और केंद्रीय चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया और चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।दोपहर में प्रदर्शनकारी हिमाचल भवन से प्रदर्शन करते हुए सुप्रीम कोर्ट तक के मार्च में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *