उद्योग मंत्री ने सिविल अस्पताल शिलाई में किया सुविधा का शुभारंभ,गर्भवती महिलाओं को मिलेगी विशेष राहत;सोमवार और मंगलवार को उपलब्ध रहेंगी सेवाएं।

शिलाई विधानसभा क्षेत्र के दूरदराज के लोगों को अब अल्ट्रासाउंड जांच करवाने के लिए पांवटा साहिब,नाहन, सोलन,शिमला या देहरादून के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।उद्योग,संसदीय कार्य,श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने गुरुवार को सिरमौर जिला के प्रवास के दौरान सिविल अस्पताल शिलाई में अल्ट्रासाउंड सुविधा का शुभारंभ किया।क्षेत्र के लोगों की दशकों पुरानी मांग पूरी होने से विशेषकर गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।इससे पहले अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए लोगों को लंबी दूरी तय करने के साथ हजारों रुपये भी खर्च करने पड़ते थे।मंत्री ने बताया कि अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू कर दी गई है।नियमित सोनोलॉजिस्ट की नियुक्ति होने तक सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में तैनात सोनोलॉजिस्ट डॉ.शशिकांत प्रत्येक सोमवार और मंगलवार को प्रतिनियुक्ति पर शिलाई आएंगे।इस दौरान मरीजों के अल्ट्रासाउंड निःशुल्क किए जाएंगे।

इस अवसर पर हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।शिलाई में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने से लोगों का समय और पैसा बचेगा तथा गर्भवती महिलाओं को विशेष लाभ मिलेगा।सरकार स्वास्थ्य संस्थानों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं लोगों के घर-द्वार के नजदीक उपलब्ध करवाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शिलाई विधानसभा क्षेत्र में करीब 500 करोड़ रुपये के विकासात्मक कार्य प्रगति पर हैं।सरकार क्षेत्र के समग्र विकास और लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य कर रही है।इससे पूर्व मंत्री ने सिविल अस्पताल शिलाई के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया।उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर इसे पूरा करने के निर्देश दिए,ताकि क्षेत्र के लोगों को जल्द बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन की आवश्यकताओं का भी जायजा लिया और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।अस्पताल के लिए नेत्र चिकित्सा से संबंधित आवश्यक उपकरण,आपातकालीन वार्ड के लिए दो मॉनिटर और एक डिफिब्रिलेटर,डीजल जनरेटर तथा टीकाकरण अभियान के लिए वाहन की आवश्यकता भी उनके ध्यान में लाई गई।सिविल अस्पताल शिलाई में वर्तमान में स्त्री रोग,हड्डी रोग,नेत्र रोग,सामान्य चिकित्सा,सामान्य शल्य चिकित्सा और एनेस्थीसिया के विशेषज्ञ चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं।इसके अतिरिक्त पांच एमबीबीएस चिकित्सा अधिकारी भी तैनात हैं।अस्पताल के लिए बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती के आदेश भी जारी किए जा चुके हैं,जिनके जल्द कार्यभार संभालने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *