
सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने दिल्ली से जारी प्रैस बयान में हिमाचल प्रदेश में महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह देने की चुनावी गारंटी से मुकरने पर राहुल गांधी,प्रियंका गांधी और पूरी कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला।उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में प्रियंका गांधी,राहुल गांधी और कांग्रेस के तमाम नेताओं ने बड़े-बड़े मंचों से प्रदेश की प्रत्येक महिला को 1500 रुपए प्रतिमाह देने की गारंटी दी थी।मुख्यमंत्री से लेकर मंत्रियों तक ने इस वायदे को जोर-शोर से प्रचारित किया,लेकिन सत्ता में आने के बाद कांग्रेस ने प्रदेश की लाखों माताओं-बहनों के साथ विश्वासघात किया।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के अपने आंकड़ों के अनुसार इस योजना के लिए प्राप्त 8.25 लाख आवेदनों में से 7.69 लाख आवेदन यानी लगभग 93 प्रतिशत खारिज कर दिए गए हैं और केवल करीब 50 हजार आवेदन ही स्वीकृत हुए हैं।वहीं चुनाव के समय कांग्रेस ने वायदा किया था कि एक परिवार में 1 महिला को 1500 तो 4 महिलाओं को 6000 रुपए मिलेंगे।उन्होंने कहा कि आज 4 वर्ष के बाद भी हिमाचल की बहनें अपने हक के पैसे के लिए भटक रही हैं,लेकिन गांधी परिवार जनता के बीच आने का साहस नहीं जुटा पा रहा।उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की आर्थिक प्रगति,घटती गरीबी व प्रभावशाली कूटनीति की दुनिया सराहना कर रही है,वहीं दूसरी ओर राहुल गांधी विदेशों में बिना तथ्यों और आंकड़ों के भारत के विरुद्ध बयानबाजी कर देश की छवि खराब करने का प्रयास करते हैं।उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से सवाल पूछते हुए कहा कि यदि योजना में शर्तें लागू करनी थीं तो चुनाव से पहले उनका खुलासा क्यों नहीं किया गया।उन्होंने गोवा,उत्तराखंड,पंजाब व मणिपुर की माताओं-बहनों से भी अपील की कि वे कांग्रेस की चुनावी मुफ्तखोरी और झूठी गारंटियों के झांसे में आने से पहले हिमाचल की महिलाओं के साथ हुए इस विश्वासघात को अवश्य समझें।उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस को हर वायदे का जवाब जनता को देना होगा।




