
मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा पर तीखा हमला बोला है।उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर की ओर से मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हाईकमान का दबाव होने संबंधी बयान केवल मीडिया में सुर्खियां बटोरने के लिए दिया जा रहा है। विपक्ष के नेता को इस तरह की बयानबाजी करने के बजाय हिमाचल प्रदेश के वास्तविक मुद्दों और प्रदेश के अधिकारों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।चौहान ने सवाल उठाया कि जयराम ठाकुर आरडीजी (राजस्व घाटा अनुदान) बंद होने के मुद्दे पर क्यों नहीं बोलते और जब प्रदेश के हितों की बात आई तो भाजपा के सांसदों तथा पूर्व सरकार ने क्या प्रयास किए?नरेश चौहान बुधवार को राज्य सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।उन्होंने कहा कि आरडीजी हिमाचल प्रदेश का अधिकार रहा है।राज्य के गठन के समय से ही प्रदेश को इस अनुदान का लाभ मिलता रहा है,लेकिन अब इसे बंद कर दिया गया है।ऐसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर जयराम ठाकुर को प्रदेश की जनता के सामने अपना पक्ष रखना चाहिए।यदि वह आरडीजी के पक्ष में आवाज उठाते हैं तो कांग्रेस सरकार उनके सहयोग का स्वागत करेगी,क्योंकि यह किसी एक पार्टी का नहीं,बल्कि पूरे हिमाचल का मामला है। उन्होंने पीएम की घोषणा के बावजूद राज्य को 1500 करोड़ की राशि न मिलने पर भी सवाल उठाया और कहा कि इस मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष खामोश क्यों है।चौहान ने कहा कि भाजपा के भीतर वर्चस्व की लड़ाई चल रही है और इसी कारण कुछ नेता मीडिया में कांग्रेस सरकार के खिलाफ बयान देकर अपनी सक्रियता दिखाने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के हितों को ध्यान में रखकर जो योजनाएं और काम आगे बढ़ाए हैं,उन्हें लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी।उन्होंने कांग्रेस छोडक़र भाजपा में शामिल हुए नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोगों को यह गलतफहमी थी कि कांग्रेस छोडक़र भाजपा में जाने से उन्हें वहां अधिक मान-सम्मान मिलेगा,लेकिन ऐसा होता नजर नहीं आ रहा है।चौहान ने कहा कि भाजपा में पहले से ही पार्टी के अपने नेता,कार्यकर्ता और संगठनात्मक ढांचा मौजूद है।ऐसे में बाहर से भाजपा में शामिल हुए नेताओं को लेकर अंदरूनी असहजता और प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है।आने वाले चुनावों के दौरान यह स्थिति और स्पष्ट होगी।राजस्व मंत्री के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों पर नरेश चौहान ने कहा कि भाजपा और विपक्ष को अपने कार्यकर्ताओं से हिमाचल के अधिकारों,आरडीजी और प्रदेश के वास्तविक मुद्दों को लेकर प्रदर्शन करवाने चाहिए।उन्होंने कहा कि देश और सेना के प्रति सम्मान हर नागरिक के मन में है।किसी को भी भाजपा से देशभक्ति का प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है।चाहे जगत सिंह नेगी हों या देश का कोई अन्य नागरिक,किसी दूसरे व्यक्ति को उसकी देशभक्ति पर सवाल उठाने का अधिकार नहीं है।नरेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उनकी सरकार का प्रयास है कि हिमाचल अपने पैरों पर खड़ा हो और भविष्य में आर्थिक निर्भरता के इस चक्र से बाहर निकले।प्रदेश के अधिकारों की लड़ाई में मिली सफलताओं और करीब 3,000 करोड़ रुपए के अतिरिक्त राजस्व को उन्होंने सरकार की उपलब्धि बताया। चौहान ने विश्वास जताया कि सरकार के इन प्रयासों का लाभ आने वाले वर्षों में हिमाचल प्रदेश को मिलेगा।सीएम ने शुरू से ही प्रदेश के हितों को सर्वोपरि रखने का निर्णय लिया था और कई आर्थिक चुनौतियों को पार करते हुए प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास जारी है।




