
भाजपा अर्की मंडल की ओर से शालाघाट स्थित कोटली मैदान में पंचायती राज एवं नगर निकाय जनप्रतिनिधियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया।कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की,जबकि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ.राजीव बिंदल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।सांसद सुरेश कश्यप भी विशेष रूप से मौजूद रहे।समारोह में करीब 300 पंचायत एवं नगर निकाय प्रतिनिधियों और महिला मंडलों के सदस्यों को सम्मानित किया गया।

जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर साधा निशाना:जयराम ठाकुर ने अपने संबोधन में प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है।उन्होंने महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने,युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने और 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने जैसी गारंटियों पर सवाल उठाए।उन्होंने प्रदेश में पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में खोले गए संस्थानों को बंद करने के फैसले पर भी सरकार को घेरा।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ.राजीव बिंदल ने कहा कि पंचायती राज चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को मिली सफलता प्रदेश की राजनीतिक स्थिति का संकेत है।उन्होंने महिलाओं को 1500 रुपये देने और युवाओं को रोजगार देने की चुनावी गारंटी का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस सरकार से जवाब मांगा।उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि लोकतंत्र की मजबूत कड़ी हैं और गांवों के विकास में उनकी अहम भूमिका रहती है।




