दशहरे पर दिनभर होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम,शाम 6 बजे होगा 25 फुट ऊंचे रावण का दहन।

शिमला नगर निगम के वार्ड नंबर-7 मज्याठ में इस बार दशहरा उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।स्थानीय लोगों ने वार्ड में दशहरे को दो दिवसीय मेले के रूप में आयोजित करने का निर्णय लिया है।मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले लगाए जाएंगे,जबकि विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं और खानपान के स्टाल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

दशहरे के दिन दिनभर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी और शाम 6 बजे 25 फुट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा।यह निर्णय पार्षद अनिता शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित वार्ड की मासिक बैठक में लिया गया।

बैठक में मेले के आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा और रूपरेखा तैयार की गई।तय किया गया कि पहले दिन देवभूमि ग्राउंड में बच्चों के लिए झूले लगाए जाएंगे।इसके साथ ही विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी,जिनमें अलग-अलग आयु वर्गों के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।मेले में लोगों के लिए खानपान के स्टाल भी लगाए जाएंगे।

वरिष्ठ नागरिक होंगे मुख्यातिथि:कार्यक्रम में वार्ड के वरिष्ठ नागरिक मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे।दो दिवसीय मेले के माध्यम से स्थानीय लोगों,बच्चों और युवाओं को एक मंच पर लाकर त्योहार को सामूहिक रूप से मनाने का प्रयास किया जाएगा।

इसके अलावा बैठक में लोगों ने वार्ड में सीवरेज की समस्या को प्रमुखता से उठाया।लोगों ने मांग की कि सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी)का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा करवाया जाए,ताकि क्षेत्रवासियों को सीवरेज संबंधी समस्याओं से राहत मिल सके।इसके अतिरिक्त वार्ड में सामुदायिक भवन के निर्माण की मांग भी दोहराई गई।लोगों का कहना था कि सामुदायिक भवन बनने से वार्ड में सामाजिक और सामूहिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए उचित स्थान उपलब्ध हो सकेगा।

पार्किंग में मनमानी पर लगेगी रोक,पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर मिलेगा स्थान:बैठक में वार्ड की प्रस्तावित पार्किंग और सड़कों के किनारे वाहनों की पार्किंग को लेकर भी चर्चा की गई।निर्णय लिया गया कि कोई भी व्यक्ति दोपहिया वाहन या कार को आड़ा तिरछा खड़ा कर सड़क किनारे अतिरिक्त जगह पर कब्जा नहीं करेगा।पार्किंग का इस्तेमाल पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा,ताकि सभी लोगों को वाहन खड़ा करने का समान अवसर मिल सके और पार्किंग को लेकर होने वाली अव्यवस्था से बचा जा सके।बैठक में वार्ड की पेयजल आपूर्ति में सुधार,रास्तों की समस्याओं के समाधान और अन्य विकास कार्यों पर भी चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *