वर्ष 1989 बैच के आईपीएस अधिकारी संजय कुंडू पुलिस विभाग में 35 वर्षों की सेवा देने के बाद मंगलवार को सेवानिवृत्त हो गए।ऐसे में कुंडू की सेवानिवृत्ति के बाद प्रदेश के नए पुलिस प्रमुख के नाम को लेकर भी चर्चाओं का दौर शुरु हो गया है।हालांकि मंगलवार देर शाम तक नए डीजीपी को लेकर कोई अधिसूचना जारी नहीं हुई।गौर हो कि राज्य सरकार ने लोकसभा चुनाव के चलते लगी आचार संहिता को देखते हुए चुनाव आयोग से नए डीजीपी की नियुक्ति को लेकर अनुमति मांग रखी है।ऐसे में केंद्रीय चुनाव आयोग से अनुमति मिलने पर ही नए डीजीपी को लेकर अधिसूचना जारी होगी।हिमाचल के नए डीजीपी को लेकर तीन नाम मुख्य रूप से चर्चा में चल रहे हैं।इनमें 1989 बैच के एसआर ओझा,1990 बैच के श्याम भगत नेगी और 1991 बैच के डाॅ.अतुल वर्मा शामिल हैं।ओझा वर्तमान में डीजी जेल हैं। इसी तरह किन्नौर जिले से संबंध रखने वाले नेगी अभी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं जबकि डाॅ.वर्मा वर्तमान में सीआईडी प्रमुख हैं।माना जा रहा है कि इन तीनों में से किसी एक को पुलिस विभाग का नया मुखिया नियुक्त किया जाएगा।पैनल में भी इन तीन अधिकारियों के नाम रखे जाने की सूचना है। वहीं डीजीपी कुंडू का विदाई समारोह पुलिस लाइन भराड़ी में आयोजित हुआ है।इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने अनूठे तरीके से उन्हें विदाई दी।भराड़ी मैदान में संजय कुंडू एक खुली जीप में सवार हुए और पुलिस अधिकारियों ने डीजीपी के वाहन को रस्सों से खींचा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *