
मंडी:2027 के विधानसभा चुनाव से पहले हिमाचल की सियासत गरमाने लगी है।भाजपा ने बुधवार को मंडी में ‘लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ’पदयात्रा और जनसभा का आयोजन किया।पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पदयात्रा का नेतृत्व किया।इसमें मंडी और कुल्लू जिलों से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।पड्डल मैदान से शुरू हुई पदयात्रा शहर के विभिन्न हिस्सों से होते हुए ऐतिहासिक सेरी मंच पहुंची,जहां जनसभा आयोजित की गई।

जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव परिणाम अपने पक्ष में नहीं आने पर ही चुनाव व्यवस्था पर सवाल उठाती है।जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए प्रदेश की आर्थिक स्थिति, बढ़ते कर्ज,अधूरी चुनावी गारंटियों और आपदा प्रभावित परिवारों को राहत देने में कथित देरी का मुद्दा उठाया।

उन्होंने कहा कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूती के साथ वापसी करेगी और मंडी जिले की सभी 10 विधानसभा सीटों पर जीत का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ेगी।
