
शिमला:क्रीसैंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल टुटू में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ.भुवन शर्मा,अतिरिक्त आयुक्त,नगर निगम शिमला ने शिरकत की।इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे,जिनमें टुटू की पार्षद मोनिका भारद्वाज,मजयाठ की पार्षद अनीता शर्मा,प्रधान मजठाई पंचायत लता देवी,पूर्व पार्षद एवं अधिवक्ता विवेक शर्मा,प्रधान लक्ष्मीनारायण मंदिर कमेटी ओमप्रकाश,प्रधान टुटू व्यापार समिति सुरेन्द्र ठाकुर तथा पूर्व बी.डी.सी.उपाध्यक्ष सुरेन्द्र बाटला प्रमुख रूप से शामिल रहे।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों को वर्ष भर में शैक्षणिक,खेलकूद,सांस्कृतिक एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।विद्यार्थियों की उपलब्धियों ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ.सुभाष चंद ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की वर्षभर की शैक्षणिक उपलब्धियों,खेलकूद,सांस्कृतिक गतिविधियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में विद्यार्थियों की सफलताओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।

मुख्य अतिथि डॉ.भुवन शर्मा ने अपने संबोधन में विद्यालय की शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट उपलब्धियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।उन्होंने कहा कि वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों में संस्कारयुक्त शिक्षा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि विज्ञान और संस्कार दोनों का जीवन में समान रूप से महत्वपूर्ण स्थान है।विज्ञान जहां जीवन को प्रगति एवं आधुनिकता की दिशा प्रदान करता है,वहीं संस्कार व्यक्ति को सही दिशा,नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों का बोध कराते हैं।ऐसे में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ-साथ अच्छे संस्कारों का होना भी आवश्यक है।

समारोह ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर का पुरस्कार गुंजन चंदेल के नाम रहा।पुरस्कार पाने वालों में रिया,मानवी,शगुन पंवर,अभिनव शर्मा,मुदित शर्मा,हर्षित ठाकुर,तुषार शर्मा,तुषार वर्मा,जिया,तन्मया ठाकुर,कोमल, कुणाल,शिवन्या,भावन शर्मा,तानमय व अन्य विद्यार्थियों के भी हैं।
