Delhi में आयोजित समन्वय समिति और स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में भाग लेने के बाद रविवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पार्टी की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की।इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे।सोनिया गांधी के आवास में हुई इस मुलाकात के दौरान प्रतिभा सिंह ने प्रदेश की ताजा राजनीतिक परिस्थितियों से उन्हें अवगत करवाया।वहीं प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनिया गांधी ने प्रदेश में राज्यसभा चुनाव में हुए उलटफेर और उसके बाद सामने आए सियासी घटनाक्रम पर चिंता जाहिर की,साथ ही प्रतिभा सिंह को एकजुटता के साथ पूरी टीम को साथ लेकर चुनावी रण में उतरने को कहा।उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस की जीत का सिलसिला जारी रहे,उसके लिए वे पूरी रणनीति के साथ आगे बढ़ें।इस दौरान प्रतिभा सिंह ने आश्वस्त किया कि लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस पूरी तरह से तैयार है और चुनावी प्रत्याशियों के घोषित होते ही पार्टी का चुनावी प्रचार जोर पकड़ लेगा।सूत्रों के अनुसार सोनिया गांधी ने मंडी संसदीय सीट पर भी चर्चा की।इस सीट से चुनाव लड़ने को लेकर सोनिया गांधी ने उनका पक्ष भी जाना।गौर हो कि बीते दिन हुई बैठक के बाद विक्रमादित्य सिंह का नाम भी मंडी लोकसभा सीट के पैनल में शामिल हो चुका है,इससे सियासी गलियारों में चर्चा का माहौल भी गर्म है।सूचना के अनुसार कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और लोक निर्माण मंत्री आज वापस लौटेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *