
CM ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को परिवार संग तिरुपति बालाजी का आशीर्वाद लिया।इस दौरान कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी और मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान भी मौजूद रहे।सीएम सोमवार को शिमला लौट सकते हैं।तय शैड्यूल के अनुसार मुख्यमंत्री सोमवार को तिरुपति एयरपोर्ट से बेंगलुरु के केंपेगौड़ा इंटरनैशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे और यहां से दोपहर बाद चंडीगढ़ के लिए उड़ान भरेंगे।वह शाम करीब 7 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगे।माना जा रहा है कि वह चंडीगढ़ से देर शाम शिमला के लिए रवाना हो सकते हैं।मुख्यमंत्री सुक्खू ने अपने फेसबुक पेज पर एक पोस्ट डालकर भाजपा पर सियासी हमला बोला है।उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा है कि भाजपा आज साम,दाम,दंड,भेद हर हथकंडे का इस्तेमाल कर लोकतंत्र पर हमला कर रही है और देशभर में यह हो रहा है। देवभूमि हिमाचल में भी लोकतंत्र की परंपरा पर धनबल का प्रहार किया जा रहा है।ऐसे में आज हमारी जिम्मेदारी है कि हम मिलकर जनता की आवाज और लोकतंत्र पर हो रहे इस हमले के खिलाफ आवाज उठाएं।
