
Himachal Pradesh एनपीएस कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर को हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के समानांतर गुट का अध्यक्ष चुना गया है।हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के सभागार में हुए इस चुनाव में प्रदीप ठाकुर को सर्वसम्मति से अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।अपने निर्वाचन के बाद प्रदीप ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जो दायित्व प्रदेश के कर्मचारियों ने उनको सौंपा है,उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।उन्होंने दावा किया कि महासंघ की चुनाव प्रक्रिया सभी जिलों एवं विभागों में पूरी करने के बाद उनका अध्यक्ष चुना गया है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह उनके साथ हैं तथा एनपीएस बहाली के बाद अब वह कर्मचारियों की अन्य लंबित मांगों को भी पूरा करेंगे।उन्होंने कहा कि महासंघ की बैठक जल्द होगी,जिसमें राज्य एवं जिला के पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।इस बैठक में लिए जाने वाले निर्णय के अनुसार ही महासंघ आगे बढ़ेगा।उन्होंने दावा किया कि सरकार की तरफ से उनको ही जेसीसी के लिए बुलाया जाएगा।प्रदीप ठाकुर को महासंघ का अध्यक्ष चुने जाने के अलावा भरत शर्मा को राज्य महासचिव चुना गया है।इसके अलावा सौरभ वेद एवं दरशोक को वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया है,साथ ही इंद्रदत्त शर्मा को कोषाध्यक्ष पद का दायित्व सौंपा गया है।उधर,हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के पूर्व महासचिव गोपाल कृष्ण शर्मा एवं अतिरिक्त महामंत्री तथा हिमाचल प्रदेश गैर-शिक्षक संघ के अध्यक्ष त्रिलोक ठाकुर ने इस चुनाव को असंवैधानिक करार दिया। उन्होंने कहा कि जिस गुट ने चुनाव करवाए हैं,वह एनपीएस का एक खेमा है। इसमें अधिक शिक्षक तथा जिला व विभागों के कर्मचारी शामिल नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि इस चुनाव में 12 स्टेट डैलीगेट तक नहीं आए। उन्होंने कहा कि इस चुनाव प्रक्रिया में कुछ सेवानिवृत्त कर्मचारी थे।उन्होंने कहा कि महासंघ के चुनाव की प्रक्रिया इन दिनों चली हुई है, जिसे 10 अक्तूबर तक पूरा कर लिया जाएगा।
