नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश को हरित राज्य बनाने का वायदा भूल गई है।उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि बजट में घोषित की गई योजनाओं पर सरकार ने 9 महीने में कितना अमल किया है,साथ ही सरकार से 1500 इलैक्ट्रिक बसों को खरीदने की जानकारी भी मांगी।जयराम ठाकुर ने यहां जारी बयान में कहा कि विधानसभा से बजट पारित हुए 7 महीने का समय बीत गया है लेकिन सरकार ने सिर्फ सुर्खियां बटोरने के अलावा कोई काम नहीं किया है।उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने सारे वायदे और घोषणाएं बिना किसी प्लान के ही कर दी थीं।उन्होंने कहा कि हरित ऊर्जा प्रदेश का भविष्य है,जिसके लिए गंभीर प्रयास होने चाहिए।जयराम ने कहा कि वर्ष 2025 तक प्रदेश को हरित ऊर्जा प्रदेश बनाने की बात कही गई है लेकिन यह घोषणा आगे बढ़ती नजर नहीं आ रही है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को यह बताना चाहिए कि इलैक्ट्रिक बसों की खरीद और चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए क्या हुआ?उन्होंने कहा कि सरकार ने अगले 9 महीने में 200 मैगावाट सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य रखा था। इसके अलावा वर्ष 2024 के अंत तक 500 मैगावाट के सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना करने और हर जिले की 2 पंचायत को ग्रीन पंचायत के रुप में विकसित करने की घोषणा की थी।

नालागढ़ में गाड़ी लगाने को लेकर हुआ गोलीकांड दुर्भाग्यपूर्ण।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नालागढ़ के मैडीकल डिवाइसेज पार्क में गाड़ी लगाने को लेकर हुए गोलीकांड को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में माफिया पूरी तरह से हावी है।उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को प्रभावित करेंगी।उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रदेश में माफिया राज के खिलाफ अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *