
हिमाचल कांग्रेस के उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने आरोप लगाया कि भाजपा को अपने नेताओं पर भरोसा नहीं रहा है ऐसे कांग्रेस नेताओं के सहारे भाजपा प्रदेश में सरकार बनाना चाह रही है।प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में अयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नरेश चौहान ने भाजपा पर लोकतंत्र की परंपराओं को खराब करने का आरोप लगाया। कहा कि कांग्रेस नेताओं को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।आरोप लगाया कि पांच सालों में भाजपा ने प्रदेश में कोई भी विकास कार्य नहीं किया और सरकार के मंत्रियों और विधायकों की परफार्मेंस शून्य रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता को कांग्रेस से उम्मीद है।कांग्रेस ने हर वर्ग को गारंटी दी है।उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बीते पांच साल में दी गई नौकरियों को लेकर श्वेतपत्र जारी करने की मांग की।कहा कि जिन राज्यों में चुनाव होते हैं,प्रधानमंत्री उनको अपना घर बना लेते हैं। प्रधानमंत्री की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। वे हिमाचल को शब्दों में ही अपना दूसरा घर मानते हैं।

“चार्जशीट पर सत्ता में आते ही शुरू करेंगे कार्रवाई”
नरेश चौहान ने कहा कि कांग्रेस की ओर से बनाई गई चार्जशीट पर सत्ता में आते ही कार्रवाई शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सभी मंत्रियों और विधायकों का लेखाजोखा कांग्रेस ने तैयार कर लिया है।
