
मंडी के पड्डल मैदान में भारतीय जनता युवा मोर्चा की युवा विजय संकल्प रैली को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बाद हिमाचल में भी युवा शक्ति भाजपा की सरकार बनाएगी।पांच साल के बाद सरकार बदलने की सोच उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड राज्य में बदल दी है। युवा हिमाचल में भी रिवाज बदलने का मन बना चुके हैं।उन्होंने कहा कि भारत में बहुत दशकों तक अस्थिर सरकारें रहीं।

दुनिया में भारत पर विश्वास करने के लिए सोचना पड़ जाता था लेकिन 2014-2019 में जागरूक मतदाताओं ने दिल्ली में मजबूत स्थिर सरकार दी।उसका परिणाम है कि दिल्ली में स्थिर सरकार है और इसी वजह से नीतियों में भी स्थिरता आई। बदलाव के लिए एक मजबूत नींव तैयार हुई।

आज लोग भी सरकार पर भरोसा करते हैं,वैसे ही दुनिया भी हम पर भरोसा करने लगी है।उन्होंने कहा कि इस बार मंडी में आपसे रू-ब-रू होने की कसक मन में रह गई है।उन्होंने कहा कि युवाओं को अवसर देना भाजपा की प्राथमिकता रही है और हिमाचल के युवाओं का जोश और ऊर्जा निरंतर देश के काम आ रही है। युवा शक्ति भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में मदद करेगी।मंडी न आने पर मांगी माफी।
मौसम खराब होने की वजह से मंडी नहीं पहुंच पाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवा कार्यकर्ताओं से माफी भी मांगी।पीएम ने कहा कि क्षमाप्रार्थी हूं कि मौसम खराब होने के कारण आपके बीच नहीं आ सका।हिमाचल आने की बात होती है तो मैं उत्साहित हो उठता हूं।
