प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल प्रदेश के साथ विशेष लगाव है और हजारों करोड़ों के वित्तीय लाभ प्रदेश की जनता को दिए हैं।यह बात भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने मंडी में कही।उन्होंने कहा कि मंडी के पड्डल मैदान में होने वाली युवा विजय संकल्प रैली के बाद प्रदेश में बिखरी कांग्रेस पार्टी का सफाया हो जाएगा क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी ने हिमाचल की हर जरूरत को समझा है और हिमाचल प्रदेश को हजारों करोड़ों रुपए की सौगातें समय-समय पर प्रदेश की उन्नति और विकास के लिए दी हैं।उन्होंने कांग्रेस से पूछा है कि जब केंद्र और प्रदेश में कांग्रेस की एक साथ सरकारें थी तो उन सरकारों में कौन-सा इंजन चल रहा था और कौन सा इंजन हांफ गया था।उन्हाेंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की होने वाली रैली की उत्सुकता को देखते हुए कांग्रेस पार्टी में घोर निराशा है और कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता अनापशनाप बयानबाजी कर प्रदेश की जनता को गुमराह करने प्रयास कर रहें हैं,जिसमें कि कांग्रेस पार्टी सफल नहीं हो पाएगी।उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस उस जहाज की तरह है जिसका कप्तान लापता है और यात्री 1-1 करके कांग्रेस का जहाज छोड़कर जा रहे हैं।नया कप्तान बनने के लिए 15 से अधिक नेता और उनके परिवार अपनी जुगत भिड़ा रहे हैं लेकिन दिल्ली का नेतृत्व उन्हें मिलने के लिए समय भी नहीं देता।उन्होंने कहा कि मंडी में होने वाली युवा विजय संकल्प रैली के बाद कांग्रेस पार्टी हिमाचल प्रदेश में ढूंढकर भी नहीं मिलेगी और भाजपा दो तिहाई बहुमत से प्रदेश में सरकार बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *