राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में लेने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के नेतृत्व में सड़कों पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता।

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने के विरोध में कांग्रेस ने ऊना में काला दिवस मनाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के नेतृत्व में आयोजित जिला स्तरीय प्रदर्शन में उप मुख्यमंत्री,कांग्रेस के विधायक,वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।प्रदर्शन के दौरान “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो, इस्तीफा दो”और “वोट चोर गद्दी छोड़”के नारे लगाए गए।प्रदर्शन सर्किट हाउस ऊना से शुरू हुआ और बस स्टैंड से होते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचा।

यहां कांग्रेस नेताओं ने अतिरिक्त उपायुक्त ऊना के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई करने और उन्हें पद से हटाने की मांग उठाई।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में उठाए जा रहे सवाल केवल किसी राजनीतिक दल के नहीं,बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े हैं।इससे पहले कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया,उसके विरोध में कांग्रेस देशभर में प्रदर्शन कर रही है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए यह केवल वोटों का मुद्दा नहीं,बल्कि नागरिकों के अधिकारों का सवाल है।

रजनी पाटिल ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि महत्वपूर्ण चुनावी फैसलों में अन्य चुनाव आयुक्तों की राय को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया।उन्होंने महाराष्ट्र का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस इस तरह की राजनीतिक परिस्थितियों का विरोध करती रही है और देश में एक ही दल भाजपा बनाने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से मुकाबला किया जाएगा।उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग स्पष्ट है और ज्ञानेश कुमार के पद पर बने रहने को लेकर पार्टी अपना आंदोलन जारी रखेगी।

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जिस ढंग से सरकारें और वोट चोरी किए जाने के आरोप सामने आए हैं,उसका भंडाफोड़ हो चुका है।उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इन सवालों को पूरे विपक्ष के साथ मिलकर जनता के सामने उठा रहे हैं और देश के लोकतांत्रिक अधिकारों की बात कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में ऊना में कांग्रेस का यह प्रदर्शन उसी व्यापक विरोध का हिस्सा है।मुकेश अग्निहोत्री ने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूचियों को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं।उन्होंने कहा कि कांग्रेस का दावा है कि बड़ी संख्या में लोगों को मतदान के अधिकार से वंचित किया गया और इस संबंध में सामने आई आपत्तियों का जवाब देश के सामने आना चाहिए।उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस पूरे मामले को जनता की अदालत में ले जाएगी और घर-घर तक इन सवालों को पहुंचाया जाएगा।उन्होंने कहा कि वोट चोरी के विरुद्ध इस लड़ाई में राहुल गांधी अकेले नहीं हैं।कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर एकजुट हैं।उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर फैसला नहीं होता,कांग्रेस अपना आंदोलन जारी रखेगी।उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत रहेगी,तभी संविधान और जनता के अधिकार सुरक्षित रहेंगे।मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ऊना में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी पार्टी की एकजुटता को दर्शाती है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपने सवाल जनता के बीच रखती रहेगी।

प्रदर्शन में कांग्रेस के सह प्रभारी एवं कांग्रेस सचिव चेतन चौहान,प्रदेश कांग्रेस महासचिव संगठन विनोद जिंटा,जिला प्रभारी विकास ठाकुर,विधायक गगरेट राकेश कालिया,विधायक चिंतपूर्णी सुदर्शन बबलू,विधायक कुटलैहड़ विवेक शर्मा,पूर्व विधायक सतपाल रायजादा,प्रदेश कांग्रेस महासचिव रणजीत सिंह राणा,जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष देशराज गौतम सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
