हजारों लोग हुए समारोह में शामिल,गुरदास मान की प्रस्तुति ने बांधा समां।

ऊना:प्रो.सिम्मी अग्निहोत्री की जयंती के अवसर पर मंगलवार को प्रो.सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली में भव्य स्मृति एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।समारोह में सुबह से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था और देखते ही देखते महाविद्यालय परिसर हजारों लोगों से भर गया।बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के कारण आयोजन स्थल पर उपलब्ध स्थान भी कम पड़ गया।लोगों ने पूरे उत्साह और आत्मीयता के साथ समारोह में भाग लेते हुए प्रो.सिम्मी अग्निहोत्री को श्रद्धापूर्वक याद किया।उपमुख्यमंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री ने कॉलेज परिसर में स्थापित प्रो.सिम्मी अग्निहोत्री की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने कहा कि प्रो.सिम्मी अग्निहोत्री की स्मृतियां आज भी हर हरोलीवासी के हृदय में जीवंत हैं।उनका अपनत्व,जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्परता और सुख-दुख में लोगों के साथ खड़े रहने का भाव उन्हें क्षेत्रवासियों के बीच विशेष रूप से आत्मीय बनाता था। उनकी जयंती पर बड़ी संख्या में लोगों का एकत्र होकर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद करना,प्रो.सिम्मी अग्निहोत्री के प्रति क्षेत्रवासियों के गहरे स्नेह और सम्मान को दर्शाता है।

बच्चियों को समर्पित रहा समारोह,मंच के सामने बैठीं छात्राएं:समारोह की विशेषता रही कि मंच के ठीक सामने महाविद्यालय और स्कूलों की छात्राओं को बैठाया गया,जबकि अन्य गणमान्य अतिथियों के लिए अलग व्यवस्था की गई थी।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रो.सिम्मी अग्निहोत्री का जीवन बच्चों और शिक्षा के लिए समर्पित रहा। इसलिए यह कार्यक्रम भी बच्चों को केंद्र में रखकर आयोजित किया गया है।उन्होंने कहा कि शिक्षा के वातावरण को और आगे बढ़ाना है तथा आने वाली पीढ़ी को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने हैं।

9.50 करोड़ से बनेगा महाविद्यालय का साइंस ब्लॉक:इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रो.सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली में लगभग 9.50 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले साइंस ब्लॉक की आधारशिला रखी।उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।नए विज्ञान भवन से विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और महाविद्यालय में शिक्षा का वातावरण और बेहतर होगा। अगले वर्ष तक इस महाविद्यालय में विद्यार्थियों की 1000 से अधिक हो जाएगी।

गुरदास मान की प्रस्तुति ने बांधा समां,देर तक झूमते रहे लोग:समारोह का विशेष आकर्षण प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुरदास मान की प्रस्तुति रही।उनकी प्रस्तुति के दौरान पूरा परिसर तालियों और संगीत की गूंज से सराबोर रहा और लोग देर तक गीतों का आनंद लेते रहे।उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने गुरदास मान को सम्मानित करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि हरोली के लोगों को गुरदास मान जैसे महान कलाकार की प्रस्तुति सुनने का अवसर मिला है।उन्होंने कहा कि जिनके दर्शन के लिए लोग दूर-दूर तक लाइनों में खड़े होते हैं,आज वही गुरदास मान हरोली की जनता के बीच उपस्थित होकर उन्हें अपनी कला से रूबरू करवा रहे हैं।उन्होंने गुरदास मान को संगीत की दुनिया का महान कलाकार बताते हुए हरोली आने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

हरोलीवासियों ने बढ़-चढ़कर की सहभागिता:समारोह में क्षेत्र के लोगों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।सुबह से ही लोगों के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया था।स्कूल और महाविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग,गणमान्य नागरिक और विभिन्न क्षेत्रों से आए लोग समारोह में शामिल हुए।लोगों ने प्रो.सिम्मी अग्निहोत्री की स्मृतियों को नमन करते हुए उनके प्रति अपने स्नेह और सम्मान को व्यक्त किया।
प्रेरणा की आशादीप प्रो सिम्मी:प्रो.सिम्मी अग्निहोत्री का जन्म 29 सितंबर 1968 को मंडी में हुआ था।उपमुख्यमंत्री एवं हरोली के विधायक मुकेश अग्निहोत्री की धर्मपत्नी होने के नाते उनका हरोली क्षेत्र के लोगों से बड़ा आत्मीय जुड़ाव था। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के लोक प्रशासन विभाग में वरिष्ठ प्रोफेसर के रूप में उन्होंने अध्यापन और शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया।उनके मार्गदर्शन में करीब 25 विद्यार्थियों ने पीएचडी और एमफिल की उपाधियां प्राप्त कीं। उनके 14 अंतरराष्ट्रीय शोध-पत्र,13 अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस प्रस्तुतियां,दो शोधपरक पुस्तकें और दो शैक्षणिक ग्रंथ उनके अकादमिक योगदान को रेखांकित करते हैं।जनजातीय सशक्तिकरण,लैंगिक समानता,स्थानीय शासन और ग्रामीण रोजगार सहित विभिन्न विषयों पर उन्होंने शोध कार्य किया।शिक्षा और शोध के साथ वह सामाजिक सरोकारों से भी गहराई से जुड़ी थीं।बेटियों की शिक्षा,युवाओं को नशे से दूर रखने तथा गरीब,जरूरतमंद और असहाय लोगों की सहायता के लिए वह तत्पर रहती थीं।वर्ष 2023 में उन्हें इंटरनेशनल बेस्ट टीचर अवार्ड सहित अंतरराष्ट्रीय स्तर के सम्मान प्राप्त हुए,9 फरवरी 2024 को 56 वर्ष की आयु में उनका निधन हुआ।

समारोह में योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं फतेहपुर के विधायक भवानी सिंह पठानिया,पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल,चंबा विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीरज नैय्यर,श्री चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन बबलू,नालागढ़ के विधायक हरदीप बाबा,पूर्व मंत्री कुलदीप धीमान,हिमकोफेड के चेयरमैन विक्रम शर्मा डिक्की,हिमफेड के अध्यक्ष महेश्वर चौहान,एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा,कांग्रेस के प्रदेश महासचिव रणजीत राणा,जिला अध्यक्ष देशराज गौतम,युवा कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अखिल अग्निहोत्री,हरोली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री,जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुमन ठाकुर,जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष प्रशांत राय,जल बोर्ड के सदस्य पवन ठाकुर,राज्य परिवहन प्राधिकरण के सदस्य अशोक ठाकुर सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
