शिमला जिले के रामपुर पहुंचीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गो बैक के नारे लगाकर विरोध जताया।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तेल,गैस और खाद्य सामग्री की रेट लिस्ट वाले पोस्टर और काले झंडे दिखाकर केंद्रीय मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।कांग्रेस कार्यकर्ता एनएच पांच जीरो प्वाइंट में जुटना शुरू हो गए थे। इस दौरान हाथों में काले झंडे और वर्ष 2014 से अब तक हुई गैस,खाद्य तेल और पेट्रोल-डीजल के दामों में हुई वृद्धि वाले पोस्टर लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। सुबह 10:00 बजे जैसे ही केंद्रीय मंत्री का काफिला जीरो प्वाइंट पहुंचा तो कार्यकर्ताओं ने स्मृति ईरानी गो बैक के नारे लगाना शुरू कर दिए। इस दौरान नेशनल हाईवे पर वाहनों की एकतरफा आवाजाही ही करवाई गई।कांग्रेस जिलाध्यक्ष अतुल शर्मा ने कहा कि महंगाई से आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है।रसोई गैस,तेल के दाम जो वर्ष 2014 में 450 रुपये थे,वह आज 1,150 रुपये पहुंच गए हैं। आम आदमी की जरूरत के हर सामान में भाजपा राज में रिकॉर्ड तोड़ वृद्धि हुई है।प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष जैनब चंदेल ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने से पूर्व स्मृति ईरानी गैस सिलिंडर के दामों को लेकर प्रदर्शन करती थीं,लेकिन आज के दौर में उन्हें महंगाई नहीं दिख रही।प्रदेश की महिलाएं, कर्मचारी,किसान,बागवान,युवा सभी में केंद्र और भाजपा सरकार के खिलाफ रोष है। इसका जवाब प्रदेश की जनता विधानसभा चुनाव में देगी।
