कांग्रेस प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि जयराम सरकार कर्मचारियों की ओपीएस बहाली की मांग को लेकर अडिय़ल रवैया अपनाए हुए हैं। इसके चलते कर्मचारियों को अपनी इस मांग को लेकर सडक़ों पर उतरना पड़ रहा है, यह उनकी मजबूरी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के कर्मचारी बीते एक साल से लगातार ओल्ड पेंशन की बहाली की मांग को विभिन्न मंचों पर उठा रहे हैं। वे लगातार अनशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दरअसल सरकार का कर्मचारियों के प्रति रवैया नाकारात्मक है। खुद मुख्यमंत्री यह बयान दे चुके हैं कि अगर किसी को पेंशन चाहिए,तो वह चुनाव लड़ें। इससे साफ है कि सरकार किस तरह कर्मचारियों के बारे में सोच रखती है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि हिमाचल के विकास में कर्मचारियों की बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि आज सरकार से कोई भी कर्मचारी खुश नहीं है।यह सरकार कर्मचारियों को उनके वित्तीय लाभ देने में भी कंजूसी कर रही है,जबकि सरकार अपने खर्च कम नहीं कर रही है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार हमेशा कर्मचारियों के प्रति संवेदनशील रही है। यही वजह है कि कांग्रेस कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन बहाली की मांग को लेकर भी सकारात्मक है। कांग्रेस ने कर्मचारियों को गारंटी दी है कि सत्ता में आते ही उनकी ओल्ड पेंशन को बहाल किया जाएगा। कांग्रेस ने अपनी पहली गारंटी ही कर्मचारियों के ओल्ड पेंशन बहाली की दी है। इससे पहले राजस्थान और छतीसगढ़ में भी कांग्रेस सरकारों ने ओल्ड पेंशन बहाल कर दी है, लेकिन केंद्र सरकार इसमें रोड़ा अटका रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *