एनएचपीसी ने चंबा में सीएसआर के तहत ₹56.62 करोड़ किए व्यय,शिक्षा से स्वास्थ्य तक हजारों लोगों को मिला लाभ।

राज्यसभा सांसद एवं ऊर्जा संबंधी स्थायी समिति के सदस्य हर्ष महाजन ने कहा कि एनएचपीसी लिमिटेड द्वारा अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सतत विकास कार्यक्रमों के अंतर्गत जिला चंबा में शिक्षा,स्वास्थ्य,स्वच्छता एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं।इन परियोजनाओं से जिले के हजारों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिला है और क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिली है।हर्ष महाजन ने बताया कि एनएचपीसी द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में 45 विद्यालयों के निर्माण का कार्य कराया जा रहा है,जिनमें 25 प्राथमिक तथा 20 माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं।इस परियोजना पर ₹7.75 करोड़ की स्वीकृत लागत में से ₹6.57 करोड़ जारी किए जा चुके हैं तथा लगभग ₹6.55 करोड़ की राशि व्यय की जा चुकी है।अधिकांश विद्यालयों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है,जबकि शेष विद्यालयों में अंतिम चरण का कार्य प्रगति पर है।उन्होंने बताया कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में 350 वाटर प्यूरीफायर स्थापित किए गए हैं,जिन पर ₹36.68 लाख व्यय किए गए हैं।वहीं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए पांच प्रयोगशालाओं में ₹18 लाख की लागत से बायोकेमिस्ट्री एनालाइज़र स्थापित किए गए हैं,जिससे जांच सुविधाओं की गुणवत्ता और दक्षता में सुधार हुआ है।हर्ष महाजन ने बताया कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए मोबाइल थेरेपी बैंक सेवा भी आरंभ की गई है,जिससे लगभग 150 बच्चों को विशेषज्ञ चिकित्सा एवं फिजियोथेरेपी सेवाओं का लाभ मिल रहा है।इसके अतिरिक्त चंबा चौगान स्थित गांधी गेट के समीप ₹37 लाख की लागत से आधुनिक सार्वजनिक शौचालय का निर्माण पूर्ण किया गया है,जिसका संचालन एवं रखरखाव आगामी 30 वर्षों तक सुनिश्चित किया गया है।साथ ही चुवाड़ी स्थित पैराडाइज डे-केयर सेंटर के उन्नयन के लिए ₹15 लाख की सहायता प्रदान की गई है।उन्होंने कहा कि वर्ष 2020-21 से 2025-26 के दौरान एनएचपीसी द्वारा जिला चंबा में सीएसआर गतिविधियों के तहत कुल ₹56.62 करोड़ व्यय किए गए हैं।इनमें विभिन्न विद्युत परियोजनाओं के माध्यम से महत्वपूर्ण योगदान दिया गया है,जिससे शिक्षा,स्वास्थ्य एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में स्थायी आधारभूत ढांचा तैयार हुआ है।हर्ष महाजन ने कहा कि एनएचपीसी के ये प्रयास केवल आधारभूत सुविधाओं के निर्माण तक सीमित नहीं हैं,बल्कि जनकल्याण एवं समग्र विकास की दिशा में एक मजबूत पहल हैं।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एनएचपीसी भविष्य में भी जिला चंबा के सर्वांगीण विकास के लिए इसी प्रकार जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से निरंतर कार्य करती रहेगी।
