
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य सरकार इस समय पूरी तरह से सुप्त अवस्था में है और प्रदेश की कानून व्यवस्था का जनाजा निकल चुका है।जयराम ठाकुर ने कानून व्यवस्था के गिरते स्तर पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में आए दिन जघन्य अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं,जिससे स्पष्ट होता है कि अपराधियों के मन में पुलिस और कानून का जरा भी भय शेष नहीं रह गया है।एक शांत और देवभूमि के रूप में विख्यात हिमाचल के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक विषय है।उन्होंने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को घेरते हुए कहा कि चूंकि गृह विभाग स्वयं मुख्यमंत्री के पास है,इसलिए यह उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी थी कि वह इन मामलों में व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप करते और बढ़ते अपराधों को रोकने के लिए पुलिस अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी करते।उन्होंने मांग की कि अपराध नियंत्रण हेतु अविलंब उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई जाए और चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात की जाए।

जयराम ठाकुर ने रोहड़ू क्षेत्र के एक धार्मिक आयोजन में हुई घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए मृतक महिला के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए कठोर कदम उठाने होंगे।

