
कच्चे तेल और गैस की सप्लाई को लेकर चिंता बढऩे के बीच हिमाचल प्रदेश सरकार ने भी सतर्कता बरतते हुए रसोई गैस की आपूर्ति और खपत पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश जारी किए हैं।प्रदेश के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने सभी जिलों से एलपीजी गैस सिलेंडरों की मौजूदा स्टॉक स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में घरेलू और कॉमर्शियल,दोनों प्रकार के सिलेंडरों की उपलब्धता,मांग और खपत का पूरा ब्यौरा जल्द उपलब्ध कराएं,ताकि किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए समय रहते योजना बनाई जा सके।उधर,खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निदेशक राम कुमार गौतम का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में घरेलू गैस सिलेंडरों का कोई संकट नहीं है।आने वाले समय में भी उपभोक्ताओं को परेशानी न हो,इसके लिए स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और एलपीजी के साथ पेट्रोल व डीजल की स्टॉक रिपोर्ट भी मंगाई गई है।उधर,सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों में न हो,इसके लिए निगरानी बढ़ाई जाएगी।अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सप्लाई चेन,वितरण व्यवस्था और उपभोक्ताओं की मांग पर लगातार नजर रखें,ताकि किसी भी जगह कृत्रिम कमी पैदा न होने पाए।सरकार ने भरोसा दिलाया है कि प्रदेश में घरेलू उपयोग के साथ-साथ स्कूलों और अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त भंडारण और आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।हालांकि व्यावसायिक सिलेंडरों के उपयोग में संयम बरतने की अपील भी की गई है।उधर कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई को लेकर अनिश्चितता के माहौल के बीच प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) के उद्योगों की चिंता बढ़ गई है।
