बोले…संतों के आशीर्वाद से मिलती है प्रेरणा,बीटन के श्री लालपुरी विष्णु धाम के जीर्णोद्धार के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा।

ऊना:उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राजनीति में जनसेवा और जनकल्याण ही उनका ध्येय है।संतों का आशीर्वाद उन्हें इस दिशा में काम करने की प्रेरणा देता है। संत-महात्मा समाज को सेवा,सद्भाव और परोपकार की राह दिखाते हैं।हरोली की धरती पर उनका सानिध्य और आशीर्वाद क्षेत्र के लिए सौभाग्य है।उन्होंने बीटन स्थित श्री लालपुरी विष्णु धाम के जीर्णोद्धार के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।मुकेश अग्निहोत्री शुक्रवार को श्री सतगुरु भूरीवाले गुरु गद्दी परंपरा के दूसरे गद्दीनशीन परम पूजनीय श्री सतगुरु लाल दास जी रकबे वालों के शुभ आगमन दिवस पर बीटन स्थित श्री लालपुरी विष्णु धाम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।इस अवसर पर वर्तमान गुरु गद्दीनशीन वेदांताचार्य श्री सतगुरु चेतनानंद जी भूरीवाले का सानिध्य एवं आशीर्वाद प्राप्त किया।उन्होंने कहा कि चेतनानंद जी महाराज का आशीर्वाद सदैव सभी पर बना रहता है और उनका सानिध्य लोगों को ईश्वर से जोड़ता है। उपमुख्यमंत्री ने महाराज के प्रति आभार भी व्यक्त किया।बीटन में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यहां 3.69 करोड़ रुपये की लागत से श्री सतगुरु लाल दास ब्रह्मानंद भूरीवाले गरीबदासीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण किया गया है।दस बिस्तरों की क्षमता वाले इस स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों और अन्य स्टाफ के लिए आवासीय सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई गई हैं।उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र को और सुदृढ़ करने के लिए यहां पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों की तैनाती पर जोर दिया जा रहा है,ताकि लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिल सके।खेल सुविधाओं के विस्तार की चर्चा करते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि बीटन खेल मैदान के विकास के लिए दो करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए गए हैं। इसमें डेढ़ करोड़ रुपये मैदान के सुधार एवं विकास तथा 50 लाख रुपये डे-नाइट मुकाबलों के लिए हाई मास्ट लाइटें लगाने पर खर्च किए जा रहे हैं।मैदान का विकास कार्य तेजी से चल रहा है और लगभग अंतिम चरण में है।इससे यहां रात्रिकालीन खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी संभव हो सकेगा।जल संरक्षण के प्रयासों के तहत बीटन के तालाब के जीर्णोद्धार के लिए दो करोड़ रुपये दिए गए हैं और इसका कार्य प्रगति पर है।इसके अलावा बीटन में पंचायत घर के निर्माण के लिए एक करोड़ 14 लाख रुपये उपलब्ध करवाए गए हैं।क्षेत्र में पेयजल भंडारण क्षमता बढ़ाने के कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि अमराली में 31 मीटर ऊंचाई पर 25 लाख लीटर क्षमता का वाटर स्टोरेज टैंक बनकर तैयार हो गया है।पोलियां में 50 लाख लीटर और दुलैहड़ में 25 लाख लीटर क्षमता के टैंक भी बनाए गए हैं।इस अवसर पर ग्राम पंचायत बीटन के प्रधान योगराज,बालू राम,हरि ओम,जगदीश,रमन कुमार (काला) और विक्की प्रधान सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।
