
राजधानी शिमला में हॉली लॉज के पास मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिला।युवक नाली में अचेत अवस्था में पड़ा मिला,जिसे जांच करने पर वह मृत पाया गया।पुलिस के अनुसार सुबह किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन के माध्यम से थाना सदर शिमला को सूचना दी कि हॉली लॉज के पास एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है।सूचना मिलते ही पुलिस कर्मचारी तुरंत मौके के लिए रवाना हुए।मौके पर पहुंचने पर सड़क के दाहिने किनारे एक निर्माणाधीन भवन के पीछे नाली में एक युवक मुंह के बल गिरा हुआ मिला।युवक की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है।पुलिस ने युवक को नाली से बाहर निकाल कर जांच की तो वह मृत पाया गया।मृतक के सिर में गंभीर चोट थी तथा उसकी नाक, मुंह और कान से खून निकल रहा था।पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया,तस्वीरें लीं और आसपास मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए।मृतक की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ भी की गई,लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई।युवक की जेबों की तलाशी लेने पर भी कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला।इसके बाद शव को आगे की जांच के लिए आईजीएमसी शिमला ले जाया गया,जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक का पैर फिसलने से वह करीब 35 से 40 फुट ऊंचे डंगे से नीचे नाली में गिर गया होगा,जिससे उसकी मौत हो गई।मृतक की पहचान के लिए शव को नियमानुसार 72 घंटे के लिए आईजीएमसी शवगृह में रखा गया है।पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आगे की जांच जारी है।
