Oplus_131072

शीर्षक:‘घरौंदा’पहल के साथ स्कूल में धूमधाम से मनाया राष्ट्रीय विज्ञान दिवस।

पीएम श्री उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टुटू,शिमला में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस उत्साह,नवाचार एवं वैज्ञानिक चेतना के साथ मनाया गया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण,पर्यावरणीय जागरूकता तथा व्यावहारिक कौशल का विकास करना रहा।इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान के विभिन्न विषयों पर आकर्षक एवं कार्यशील मॉडल प्रस्तुत किए गए।प्रदर्शित मॉडलों में नवीकरणीय ऊर्जा,जल संरक्षण,पर्यावरण संतुलन,रोबोटिक्स,जैव-विविधता संरक्षण तथा दैनिक जीवन में विज्ञान के उपयोग जैसे विषय शामिल रहे।विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपने मॉडलों के वैज्ञानिक सिद्धांतों की प्रभावशाली व्याख्या की,जिसकी शिक्षकों एवं उपस्थित जनों द्वारा सराहना की गई।

विद्यालय ने (इको विज्ञान फाउंडेशन)के सहयोग से एक विशेष पर्यावरणीय पहल भी संचालित की।फाउंडेशन की विशेषज्ञ टीम ने सर्वप्रथम विद्यालय परिसर का सर्वेक्षण कर यहां की वनस्पति एवं जैव-विविधता का अध्ययन किया।इसके उपरांत विद्यार्थियों को पक्षी संरक्षण विषय पर व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया,जिसमें उन्हें ‘हैंड्स-ऑन स्किल’पद्धति के माध्यम से पक्षियों के लिए घोंसले तैयार करना सिखाया गया।विद्यार्थियों ने पर्यावरण-अनुकूल सामग्री का उपयोग करते हुए आकर्षक एवं सुरक्षित घोंसले तैयार किए,उसके बाद इन घोंसलों को विद्यालय परिसर के विभिन्न उपयुक्त एवं रणनीतिक स्थानों पर स्थापित किया गया,ताकि पक्षियों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया जा सके और परिसर में जैव-विविधता को बढ़ावा मिले।

इस अभिनव पहल को ‘घरौंदा’ शीर्षक दिया गया,जिसका उद्देश्य विद्यालय को पक्षी-मित्र एवं पर्यावरण-संवेदनशील परिसर के रूप में विकसित करना है।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ.रशिमा राणा ने सक्रिय नेतृत्व प्रदान करते हुए विद्यार्थियों का निरंतर उत्साहवर्धन किया।उन्होंने विज्ञान प्रदर्शनी का सूक्ष्म अवलोकन कर विद्यार्थियों के नवाचारों की प्रशंसा की तथा उन्हें विज्ञान को व्यवहारिक जीवन से जोड़ने,अनुसंधानात्मक सोच विकसित करने और पर्यावरण संरक्षण में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।इको क्लब प्रभारी नेहा शर्मा तथा समस्त स्टाफ सदस्यों ने भी कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *