
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र से विधायक विनय कुमार को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।नई जिम्मेदारी संभालने से पहले विनय कुमार ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा उपाध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है,जिसे विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने स्वीकार कर लिया है।विनय कुमार की ताजपोशी को कांग्रेस हाईकमान द्वारा आगामी पंचायत चुनावों के मद्देनजर एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है।विनय कुमार अनुसूचित जाति वर्ग से आते हैं,ऐसे में पार्टी ने उनके जरिए जातीय समीकरणों को साधने की कोशिश की है।अध्यक्ष पद की दौड़ में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और विधायक कुलदीप सिंह राठौर जैसे कद्दावर नेता भी शामिल थे,लेकिन लंबी माथापच्ची के बाद हाईकमान ने विनय कुमार के नाम पर मुहर लगाई।

अब एक साल के लंबे इंतजार के बाद प्रदेश कांग्रेस में नई कार्यकारिणी का गठन भी हो सकेगा।अब हिमाचल की राजनीति में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के अध्यक्ष शिमला संसदीय क्षेत्र और सिरमौर जिले से हैं।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल भी सिरमौर से संबंध रखते हैं।कांग्रेस ने भी इसी क्षेत्र से अपना अध्यक्ष चुनकर सिरमौर का सियासी कद बढ़ा दिया है और सीधे तौर पर भाजपा को उसी के गढ़ में चुनौती देने की तैयारी की है।वहीं विनय कुमार के इस्तीफे के बाद अब विधानसभा उपाध्यक्ष का पद खाली हो गया है।माना जा रहा है कि धर्मशाला के तपोवन में 26 नवम्बर से शुरू होने वाले शीतकालीन सत्र के दौरान नए उपाध्यक्ष का चयन किया जा सकता है।
