
चिकित्सा क्षेत्र में एक नई उपलब्धि की ओर बढ़ते हुए अटल सुपर स्पेशियलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान चमियाणा अस्पताल सात अगस्त को एक ऐतिहासिक कदम उठाने जा रहा है अस्पताल के यूरोलॉजी विभाग में पहली बार रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत की जा रही है।इस दिन प्रोस्टेट कैंसर से पीडि़त दो मरीजों के रोबोट के माध्यम से ऑपरेशन किए जाएंगे।मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पहल के कारण हिमाचल में इस आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल पहली बार हो रहा है।इस अत्याधुनिक तकनीक के साथ होने वाली यह सर्जरी प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित हो सकती है।उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री स्वयं उपस्थित रहेंगे और रोबोटिक सर्जरी यूनिट का औपचारिक शुभारंभ करेंगे।

रोबोटिक सर्जरी एक उन्नत सर्जिकल तकनीक है,जिसमें सर्जन रोबोटिक उपकरणों की सहायता से अत्यंत सटीकता और कम से कम चीरे के साथ ऑपरेशन करते हैं।इससे न केवल ऑपरेशन का समय घटता है,बल्कि मरीज को जल्दी रिकवरी भी होती है और संक्रमण का खतरा भी कम रहता है।चमियाणा अस्पताल का यूरोलॉजी विभाग अब अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी सुविधाओं से लैस हो चुका है।अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डाक्टर सुधीर शर्मा ने जानकारी दी कि सात अगस्त को जिन दो मरीजों का ऑपरेशन होना है,वे दोनों प्रोस्टेट कैंसर से पीडि़त हैं और उनके केस जटिल श्रेणी में आते हैं।ऐसे मामलों में रोबोटिक तकनीक अत्यंत कारगर साबित होती है।
