
दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के नाम से आखिरकार भारतीय जनता पार्टी ने पर्दा उठा दिया है और शालीमार बाग से पार्टी विधायक रेखा गुप्ता नई सीएम चुनी गई हैं।मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार प्रवेश वर्मा डिप्टी सीएम और विजेंद्र गुप्ता विधानसभा स्पीकर होंगे।बुधवार शाम विधायक दल की बैठक में इसका ऐलान किया गया।बताया जा रहा है कि आरएसएस ने मुख्यमंत्री पद के लिए रेखा गुप्ता का नाम सुझाया था,जिसे भाजपा ने मान लिया है।भारतीय जनता पार्टी ने रविशंकर प्रसाद और ओम प्रकाश धनखड़ को पर्यवेक्षक बनाया था।दोनों ने विधायक दल की बैठक से पहले भाजपा के सभी विधायकों से एक-एक करके बात की।इसके बाद विधायक दल की बैठक में सतीश उपाध्याय और विजेंद्र गुप्ता ने रेखा गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा,फिर सीएम के नाम का ऐलान किया गया।मुख्यमंत्री की शपथ आज रामलीला मैदान में दोपहर 12 बजकर 35 बजे होगी। दिल्ली के मुख्य सचिव की तरफ से भेजे गए निमंत्रण में मुख्यमंत्री के साथ मंत्रियों की शपथ का भी जिक्र है। कार्यक्रम में 30 हजार मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है।

भाजपा शासित 21 राज्यों में एकमात्र महिला सीएम।
27 साल बाद दिल्ली में सत्ता में आने वाली भाजपा ने इस बार महिला चेहरे पर भरोसा जताया है।रेखा गुप्ता अब भाजपा शासित 21 राज्यों में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री होंगी।पार्टी के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।नई सीएम रेखा गुप्ता शालीमार बाग से विधायक चुनी गई हैं।उनको पार्टी के भीतर जमीनी स्तर पर उनकी सक्रियता और संगठनात्मक कौशल के लिए पहचाना जाता है।हरियाणा के जींद की मूल निवासी रेखा गुप्ता छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रही हैं।50 वर्षीय रेखा गुप्ता ने मेरठ से कानून की पढ़ाई की है। उनका राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा से पुराना नाता रहा है।उत्तरी दिल्ली की मेयर रह चुकी गुप्ता के पास प्रशासनिक अनुभव है।वह भाजपा की महिला मोर्चा की प्रभावशाली नेता रही हैं।वह वर्तमान में दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव और पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य हैं।
