13 हजार लीटर कच्चा लाहन और 25 लीटर बरामद की पक्की लाहन,मामला किया दर्ज।

The news click

राज्य कर एवं आबकारी विभाग नूरपुर को कच्ची शराब के मामले में एक बड़ी कामयाबी मिली है।विभाग के द्वारा 13000 लीटर कच्चा लाहन जबकि दो अन्य व्यक्तियों से 20 लीटर और 5 लीटर पक्का लाहन बरामद करने में कामयाबी मिली है।जानकारी के अनुसार उप आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी विभाग नूरपुर टीकम ठाकुर को गुप्त सूचना मिली कि नूरपुर में पंजाब के साथ लगते उलहरियां ,खानपुर, बसंतपुर क्षेत्र में कच्ची शराब का धंधा अवैध रूप से चलाया जा रहा है।इस तरह की सूचनाओं उपायुक्त को पहले भी कई बार मिली मगर जब भी दबिश दी गई विभाग की टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा।इस बार सूचना के पुख्ता हो जाने के बाद उप आयुक्त टीकम ठाकुर ने अपने विभाग के सहायक आयुक्त जगदीश चंद्र ,मुकेश कुमार,धीरज और राज्य कर अधिकारी जयप्रकाश विशाल ठाकुर के साथ बैठक कर पहले ही छापेमारी की रणनीति को तैयार कर लिया,तय रणनीति के बाद नूरपुर और ठाकुरद्वारा पुलिस की टीम को भी अभियान में शामिल कर लिया गया।जिसमें एएसआई चमन सिंह कांस्टेबल नीरज होमगार्ड जवान अशोक को भी शामिल किया गया।गठित की गई छापेमारी टीम का खुद उप आयुक्त टीकम ठाकुर ने नेतृत्व करते हुए मंगलवार की सुबह ठीक 5:00 बजे पंजाब के साथ लगती हिमाचल की सीमा के जंगल में दबिश दी।मौके पर पहुंची टीम को उसे समय बड़ी कामयाबी मिली जब अलग-अलग जगह से कुल 13000 कच्चा लाहन बरामद किया गया।पुलिस की मौजूदगी में बरामद किए गए इस कच्चे लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।वही साथ लगते गांव फूलपुर उलेडियां के गगन कुमार के घर पर जब दविश दी गई तो वहां से 20 लीटर पक्का लाहन बरामद किया गया।वहीं बूमला बसंतपुर निवासी कमलजीत के घर पर दबिश देकर 5 लीटर पक्का ल।हन बरामद किया गया।राज्य कर एवं आबकारी विभाग नूरपुर द्वारा पुलिस के सहयोग से की गई इस बड़ी कार्रवाई की पूरे क्षेत्र में जमकर प्रशंसा भी की जा रही है।बता दे की हिमाचल के साथ लगती पंजाब की सीमाओं पर कच्ची शराब बनाए जाने का धंधा चोरी छिपे चलाया जाता है।इस अवैध कारोबार से न केवल राज्य को राजस्व का नुकसान होता है बल्कि कच्ची शराब के चलते किसी बड़ी अनहोनी को लेकर आम लोग भी डरे और सहमें रहते हैं।विभाग द्वारा गगन कुमार और कमलजीत के खिलाफ आबकारी अधिनियम 2011 धारा 39(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। माना जा रहा है कि आरोपियों पर 5000 से 25000 तक का जुर्माना भी लगाया जा सकता है। बहरहाल प्रदेश में राज्य कर एवं आबकारी विभाग अवैध शराब और कच्ची शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाए हुए हैं।नूरपुर राजस्व जिला को मिली इस उपलब्धि को लेकर पूरी टीम की क्षेत्र में भूरी भूरी प्रशंसा भी की जा रही है।उधर मामले की पुष्टि राज्य कर एवं आबकारी विभाग नूरपुर के उप आयुक्त टीकम ठाकुर द्वारा की गई है।उन्होंने कहा अवैध शराब और सीमा के साथ लगते क्षेत्र में कच्ची शराब के खिलाफ उनका अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *