
Congress सरकार की ओर से पूर्व भाजपा सरकार पर बनाया गया श्वेत पत्र इसी मानसून सत्र में सदन में रखा जा सकता है।मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बजट सत्र में किए गए ऐलान के बाद उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट सब-कमेटी बनाई थी।इसमें दो अन्य मंत्री चंद्र कुमार और अनिरुद्ध सिंह को शामिल किया गया था।कैबिनेट सब-कमेटी की अधिसूचना 22 मई को हुई थी और सोमवार 18 सितंबर को 4 महीने में कैबिनेट सब-कमेटी ने अपनी रिपोर्ट दे दी है।अब तक कांग्रेस सरकार के दौरान बनाई गई कैबिनेट सब-कमेटियों में से यह पहली कमेटी है,जिसने अपनी रिपोर्ट दी है।करीब 50 पन्नों की इस रिपोर्ट में पूर्व जयराम सरकार के पांच साल को ही लिया गया है। इन पांच वर्षों में राज्य की वित्तीय व्यवस्था कैसी थी और सरकार ने कितनी फिजूल खर्ची की,इसका जिक्र इस रिपोर्ट में है।नए दफ्तर और संस्थान खोलने को लेकर वित्त विभाग को नजरअंदाज किए जाने की बातें भी इस रिपोर्ट में हैं।साथ में ही कैबिनेट सब कमेटी ने रिसोर्स मोबिलाइजेशन को लेकर भी भविष्य के लिए कुछ सुझाव दिए हैं। सोमवार को होटल पीटरहाफ में हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद श्वेत पत्र की यह रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपी गई है।
