मंडी जिला के उपमंडल बल्ह में तिरपाल आबंटन को लेकर हुए हंगामे मामले में विधायक नाचन विनोद कुमार के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और सरकारी कर्मचारी को धमकाने के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है। पुलिस ने यह एफआईआर संयुक्त पटवारी एवं कानूनगो को महासंघ के जिला प्रधान दीनानाथ शर्मा की शिकायत पर दर्ज की है।दीनानाथ शर्मा ने शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि 17 अगस्त को नाचन के विधायक विनोद कुमार व उनके साथ आए हुए लोगों ने तहसील कार्यालय में आकर मेरे साथ ड्यूटी के समय अभद्र व्यवहार किया और कार्यालय के मेज पर रखी गई फाइलों व अन्य कागजातों को उठा कर फैंक दिया।उसके बाद मुझे जबरन अपनी गाड़ी में डालकर उपमंडल कार्यालय ले गए।उस समय मुझे जान का खतरा महसूस हो रहा था।विधायक विनोद कुमार ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की और तहसील कार्यालय की गरिमा को ठेस पहुंचाने का कृत्य किया और विधायक के व्यवहार से मेरे आत्मसम्मान को भी ठेस पहुंची है।पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 506, 364, 353, 332, 189 व 186 के तहत एफआईआर दर्ज की है।एसडीएम बल्ह समृतिका नेगी ने इस बात की पुष्टि की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *