स्वास्थ्य मंत्री ने लिया शिमला के अस्पतालों में स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा

Himachal Pradesh के दुर्गम क्षेत्रों के अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ किया जायेगा ताकि जिला के मुख्य अस्पतालों में मरीजों की संख्या तथा दबाव को कम किया जा सके। यह बात स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ धनी राम शांडिल ने कमला नेहरू अस्पताल एवं दीन दयाल उपाध्याय क्षेत्रीय अस्पताल शिमला में स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लेने के उपरांत कही।स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों के अस्पतालों में विशेषज्ञों की कमी को भी पूरा करने के हर संभव प्रयास किए जायेंगे ताकि लोगों को घर द्वार पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं सुदृढ़ करने से जिला के मुख्य अस्पतालों में मरीजों की संख्या में आवश्यक रूप से कमी दर्ज होंगी।उन्होंने कहा कि कमला नेहरू अस्पताल में 274 बेड मरीजों के हैं और केएनएच में स्टाफ नर्स,सफाई कर्मचारी एवं ओटीटी के रिक्त पदों की कमी देखने को मिली है जिसको भरने का हर संभव प्रयास किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग जल्द ही लगभग 700 नर्सिंग स्टाफ एवं करीब 200 चिकित्सकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रहे है

रिपन अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था का लिया जायजा
स्वास्थ्य मंत्री ने दीन दयाल उपाध्याय क्षेत्रीय अस्पताल रिपन शिमला में स्वास्थ्य व्यवस्था की जांच की। उन्होंने कहा कि रिपन अस्पताल में मरीजों के 300 बेड हैं तथा इस अस्पताल में भी स्टाफ की कमी देखने को मिली है जिसको पूरा करने के प्रयास किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अस्पताल लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवा रहे हैं। उन्होंने कोविड काल के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा किए गए कठिन परिश्रम एवं कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि हमें अस्पतालों में सफाई का विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है साथ ही एक स्वागत कक्ष या मार्गदर्शक प्रकोष्ठ का होना भी आवश्यक है ताकि मरीजों को इधर उधर न भटकना पड़े।इस अवसर पर स्थानीय अस्पताल अधिकारियों ने अस्पताल की अन्य समस्याओं को भी स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष रखा।

स्वास्थ्य मंत्री ने दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल एवं केएनएच मरीजों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर मरीजों से उनका हालचाल भी जाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *