प्रदेश भाजपा शिमला नगर निगम चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर लेकर नहीं अपने 5 साल के काम पर जनता से वोट मांगे।कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी एवं सांसद राजीव शुक्ला ने शुक्रवार को राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह बात कही।उन्होंने कहा कि प्रदेश में 5 साल तक भाजपा की सरकार रही,एमसी में भाजपा काबिज थी और केंद्र में भाजपा सरकार थी लेकिन ट्रिपल इंजन की सरकार शिमला शहर का विकास तक सुनिश्चित नहीं कर पाई।इसी का परिणाम है कि अब भाजपा को पीएम मोदी के पोस्टर लेकर चुनाव लडऩे पड़ रहे हैं।राजीव शुक्ला ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार की अनदेखी के चलते शिमला जैसे सुंदर शहर में ट्रैफिक,पार्किंग की समस्या विकराल होती चली गई, जिससे शिमला की गरिमा कम हुई है।उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार शिमला को अंतर्राष्ट्रीय शहर की तरह बनाएगी।विदेशी पर्यटक भी देखेंगे कि क्या शहर बसाया है। पानी के साथ ही अन्य मूलभूत सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था करते हुए शिमला के गौरव को लौटाया जाएगा।सभी समस्याओं का निवारण किया जाएगा।पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह,कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह,उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री,प्रदेश सह प्रभारी तजिंद्र पाल सिंह बिट्टू,मंत्री हर्षवर्धन चौहान व विक्रमादित्य सिंह,राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप राठौर,पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप कुमार,आशा कुमारी सहित अन्य नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
