शिमला:आम आदमी पार्टी ने रविवार को शिमला के चक्कर स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय दीपकमल के बाहर धरना-प्रदर्शन किया।इसकी अध्यक्षता पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने की।
इस मौके पर उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार अपने मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए देश के लोगों की कमाई को खतरे में डाल रही है।उन्होंने कहा कि भाजपा संसद के अंदर भी अडानी को बचाने का प्रयास कर रही है और उसके खिलाफ जांच तक करवाने से कतरा रही है।सुरजीत ठाकुर ने कहा कि अडानी समूह में एलआईसी व भारतीय बैंकों ने हजारों करोड़ का निवेश किया हुआ है।ये पैसा जनता के खून पसीने की कमाई का है,ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।देश की संपत्ति सीधे एक व्यक्ति के हाथ में जा रही है,जो बिना मिलीभगत के नहीं हो सकता।उन्होंने पूछा कि अढ़ाई लाख करोड़ का कर्ज अडानी को किस आधार पर दे दिया गया।उन्होंने कहा कि भाजपा ने चिड़िया उड़ और चिड़िया फुर्र की योजना चला रखी है।इस योजना के तहत विजय माल्य,नीरव मोदी,मेहुल चोकसी जैसे कई अन्य उद्योगपति देश से उड़ चुके हैं।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को अडानी को पासपोर्ट समय रहते जब्त कर लेना चाहिए।इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओ ने अडानी और मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
