राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने एशियानेट न्यूज़ चैनल के ‘‘पराउड टू बी एन इंडियन’’ कार्यक्रम 2023 के अन्तर्गत हिमाचल प्रदेश के तीन दिवसीय भ्रमण पर आए मध्य एशिया देशों के भारतीय मूल के विद्यार्थियों से राजभवन शिमला में भेंट की।इस दौरान संवाद कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।
इस अवसर पर,राज्यपाल ने कहा कि विदेशों में रह रहे भारतीय मूल के विद्यार्थी भारत के दूत की भूमिका में हैं।वे हमारी संस्कृति और विरासत को देश-दुनिया में फैलाने का कार्य कर रहे हैं।उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी संस्कृति व जड़ों से हमेशा जुड़े रहने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व में पुनः महाशक्ति के रूप में उभर रहा है।उन्होंने पर्यावरण संरक्षण,बदलते भारत के परिप्रेक्ष्य तथा भारत के विशाल लोकतंत्र पर अपने विचार व्यक्त किए।श्री आर्लेकर ने हिमाचल भ्रमण पर आए सभी विद्यार्थियों का देवभूमि में स्वागत किया।उन्होंने आशा व्यक्त की कि उन्हें राज्य का प्राकृतिक सौंदर्य और स्वच्छ वातावरण निश्चित तौर पर आकर्षित करेगा।
उन्होंने एशियानेट न्यूज़ चैनल के इन प्रयासों की सराहना की।इससे पूर्व,एशियानेट न्यूज़ के मुख्य समन्वय संपादक प्रसानथ रघुवैमसम ने राज्यपाल का स्वागत किया तथा विद्यार्थियों से संवाद के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर,विद्यार्थियों ने राज्यपाल से प्रश्न पूछे और विशेष तौर पर गणतंत्र दिवस परेड देखने के अपने अनुभव सांझा किए।
