कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार को तेज करते हुए CPI-M ने कोटी में चुनावी कार्यालय का शुभारंभ किया।यह कार्यालय कोटी जोन की दस पंचायतों के अतिरिक्त कुफरी क्षेत्र को भी कवर करेगा।

कार्यालय का शुभारंभ करते हुए पूर्व जिला परिषद सदस्य सोहन ठाकुर और निरंजन वर्मा के नेतृत्व में कुफरी,कोटी व जनेडघाट बाजारों में पर्चे बांटे और माकपा प्रत्याशी डॉ.कुलदीप सिंह तंवर के पक्ष में वोट की अपील की।
पूर्व जिला परिषद सदस्य निरंजन वर्मा ने कहा कि कसुम्पटी क्षेत्र में शिक्षा,स्वास्थ्य,उपयुक्त सड़कों, यातायात जैसी मूलभूत जरूरतों की बेहद कमी है। शिक्षण संस्थानों में पर्याप्त शिक्षक नहीं है,अस्पतालों में चिकित्सकों एवं पैरा मेडिकल स्टाफ की भारी कमी है।सरकार और स्थानीय विधायक ने इस दिशा में कोई भी सकारात्मक प्रयास नहीं किये।
जोन के संयोजक सतपाल ठाकुर ने कहा कि डॉ.कुलदीप सिंह तंवर के नेतृत्व में लगातार छेड़े गए संघर्षों के कारण कुछ जगह राहत जरूर मिली है,लेकिन पूरी तरह तस्वीर बदलनी अभी बाकी है। उन्होंने कहा कि कसुम्पटी को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए जनता को इस चुनाव में डॉ कुलदीप सिंह तंवर का भरपूर साथ देना होगा।
पूर्व जिला परिषद सदस्य सोहन ठाकुर ने किसानों-बागवानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा-कांग्रेस के उपेक्षित रवैये के कारण आज न किसानों और न ही बागवानों को अपनी उपज के उचित दाम मिल रहे हैं।उन्होंने कहा कि उर्वरकों,दवाइयों,कार्टन,कृषि उपकरणों के दाम कई गुणा बढ़ चुके हैं,लेकिन कृषि उपजों के दाम लगातार गिर रहे हैं।किसान-बागवान को राहत देने के लिए सरकार के पास न तो कोई ठोस नीति है और न ही कोई प्रयास किये।

सोहन ठाकुर ने कहा कि सीपीआई-एम और किसान सभा ने प्रदेश में किसानों- बागवानों की समस्या को लेकर बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू किया है।इस आंदोलन को कामयाब बनाने के लिए भी चुनाव में माकपा प्रत्याशी डॉ.कुलदीप सिंह तंवर को भारी बहुमत से विजयी बनाना जरूरी है।
