शिमला में शुक्रवार को सिलसिलेवार कांग्रेस के तीन नामांकनों से राजनीतिक माहौल पर चर्चा शुरू हो गई है।शिमला ग्रामीण,शिमला शहरी और कुसुम्पटी से कांग्रेस नेताओं ने नामांकन दाखिल किए हैं।

शिमला ग्रामीण से विक्रमादित्य सिंह भारी हुजूम के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे।उनके साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।कार्यकर्ताओं ने इस दौरान नाटी डाली और विक्रमादित्य सिंह के समर्थन में नारेबाजी भी की।विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इस बार कांग्रेस सत्ता में आएगी और शिमला ग्रामीण के युवाओं को रोजगार देने का काम किया जाएगा। इसके साथ ही वे तमाम कार्य जो अधूरे छूटे हैं उन्हें भी पूरा किया जाएगा।

इस मौके पर कुसुम्पटी से अनिरूद्ध सिंह भी समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे।अनिरूद्ध सिंह और विक्रमादित्य सिंह के समर्थक लगभग एक ही समय पर शिमला में एसडीएम के समक्ष पहुंचे और इस दौरान काफी देर तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ और झंडे सडक़ पर लहराते नजर आए।

अनिरूद्ध सिंह ने कहा कि भाजपा ने किसे टिकट दिया है इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।उन्होंने कहा कि पिछले दस सालों से स्थानीय लोग उन्हें वोट देकर विधानसभा में भेज रहे हैं।इस बार भी उन्हें उम्मीद है कि जो कार्य उन्होंने किए हैं उनके बूते कुसुम्पटी के लोग उनका समर्थन करेंगे।

उधर शिमला शहरी सीट से कांग्रेस के हरीश जनार्था ने भी शुक्रवार को नामांकन दाखिल किया,नामांकन दाखिल करने से पूर्व उन्होंने लोअर बाजार में रैली निकाली।

इस दौरान उनके समर्थकों ने जमकर नारेबाजी भी की।हरीश जनार्था ने कहा कि शिमला शहर की मूलभूत समस्याएं भाजपा दूर नहीं कर पाई है।इस बार कांग्रेस सत्ता में आकर उन समस्याओं का स्थायी हल करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *