विधानसभा चुनाव के ऐलान के बाद ऊना जिला में कांग्रेस की तरफ से हरोली विधानसभा क्षेत्र के अनुसूचित वर्ग संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन के दौरान नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव के लिए अभी से कमर कस लेने का आह्वान किया। इससे पहले हरोली कांग्रेस के अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा मुकेश अग्निहोत्री को कांगड़ से लेकर घालुवाल स्थित सभा स्थल तक बाइक रैली निकाल कर लाया गया और सभा स्थल पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
संकल्प रैली के दौरान मुकेश अग्निहोत्री ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनावों में भाजपा सरकार की नाकामियों को जनता के बीच ले जाने का आह्वान किया। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं की भीड़ देख उत्साह से लबरेज मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा द्वारा उठाए जा रहे सभी सवाल बेमानी हैं।उन्होंने कहा कि दिसम्बर में बारात भी कांग्रेस की होगी और दूल्हा भी कांग्रेस का ही होने वाला है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आचार संहिता लगते ही जयराम सरकार का सूर्य अस्त हो चुका है और कांग्रेस का सूर्य उदय होने वाला है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस हिमाचल प्रदेश में डंके की चोट पर सरकार बनाएगी और यह बात अब पूरी तरह से तय हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *