सोलन:भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप ने हिमाचल प्रदेश में नए जिलों के गठन को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है।उन्होंने कहा कि नए जिलों के गठन को लेकर कांग्रेस के मंत्री और विधायक अलग-अलग बयान दे रहे हैं,जिससे सरकार की नीतिगत स्पष्टता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।डॉ.यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी में संविधान दिवस कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए कश्यप ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से पूछा कि सरकार नए जिलों के गठन को लेकर वास्तव में क्या निर्णय लेना चाहती है।उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार,लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और कांग्रेस के कुछ विधायकों के बयान इस मुद्दे पर अलग-अलग हैं।उन्होंने कहा कि सरकार को प्रशासनिक खर्च,भौगोलिक परिस्थितियों और जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।

सांसद सुरेश कश्यप ने डॉ.यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय,नौणी,सोलन में भारतीय संविधान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में प्रारूपित भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है।

उन्होंने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले बाबा साहेब एवं संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन किया।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2015 से 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई,ताकि संविधान के महत्व और गौरव को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *