
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है,यहां पर एक बोलेरो कैंपर गहरी खाई में जा गिरी।इस हादसे में दो टैक्सी चालकों की मौत हो गई।जानकारी के मुताबिक,हादसा चंबा-भरमौर नेशनल हाईवे पर दिनका घार के पास हुआ।मृतकों की पहचान भरमौर निवासी रविंदर कुमार (39) और विशाल कुमार (32) के रूप में हुई है।दोनों मणिमहेश टैक्सी यूनियन से जुड़े हुए थे।बताया जा रहा है कि बीती रात को दोनों टैक्सी चालक लाहल पेट्रोल पंप से अपनी गाड़ी में ईंधन डलवाने गए थे।वापसी के दौरान घार के समीप बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को खाई से बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।हालांकि,अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।इधर,घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी।
