24×7 प्रेशराइज्ड जल आपूर्ति परियोजना की समीक्षा बैठक में कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश।

शिमला:शहरी विकास एवं नगर नियोजन मंत्री विक्रमादित्य सिंह की अध्यक्षता में शिमला में 24×7 प्रेशराइज्ड जल आपूर्ति परियोजना की प्रगति को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में शिमला के विधायक हरीश जनार्था,शहरी विकास विभाग के प्रधान सचिव देवेश कुमार, महापौर सुरेंद्र चौहान,उपमहापौर उमा कौशल,एसजेपीएनएल,टाटा कंसल्टेंसी और सूएज कंपनी के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान सूएज के सीईओ रश्मि रंजन ने परियोजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों और पाइपलाइन बिछाने से संबंधित गतिविधियों पर विस्तृत प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सड़क बहाली,पाइपलाइन नेटवर्क और उपयोग में लाई जा रही सामग्री की गुणवत्ता के बारे में विस्तार से जानकारी ली।उन्होंने अधिकारियों से यह भी पूछा कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की बहाली किस प्रक्रिया के तहत की जा रही है।बैठक के दौरान परियोजना के अंतर्गत नए पानी के टैंकों के निर्माण पर भी चर्चा की गई।अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिमला भूकंपीय (सीस्मिक)जोन में स्थित होने के कारण टैंकों और अन्य संरचनाओं के निर्माण में विशेष तकनीकी सावधानियां बरती जाएं,ताकि संरचनाएं सुरक्षित और दीर्घकालिक रूप से टिकाऊ रह सकें।वहीं विधायक हरीश जनार्था ने एसजेपीएनएल और सूएज की टीमों को परियोजना कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए,ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजना को पूरा किया जा सके।बैठक में यह भी बताया गया कि आज सतलुज का पानी संजौली क्षेत्र तक पहुंचाया जाएगा,जो शिमला को जल संकट से मुक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *