
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने रविवार को विधानसभा क्षेत्र चौपाल के नेरवा में कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन के बजाय व्यवस्था पतन का दौर चल रहा है।चार वर्षों के कार्यकाल में कांग्रेस सरकार अपनी कोई प्रमुख योजना शुरू नहीं कर पाई,जबकि पूर्व भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करने में जरूर आगे रही।उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार की विदाई का समय नजदीक आ चुका है और अगली सरकार भाजपा की बनेगी।नेरवा में नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं को 1500 रुपए मासिक देने और युवाओं को पांच साल में पांच लाख सरकारी नौकरियां देने की गारंटी दी थी,लेकिन ये वायदे पूरे नहीं हुए।उन्होंने आरोप लगाया कि 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वायदा करने वाली सरकार अब 125 यूनिट बिजली पर भी उपभोक्ताओं को बिल थमा रही है।दूध और गोबर खरीदने की गारंटियां भी पूरी नहीं हुईं।उन्होंनेहिमकेयर,सहारा,स्वावलंबन और जनमंच जैसी योजनाएं बंद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे जरूरतमंद लोगों को नुक्सान हुआ है।उन्होंने चिट्टा तस्करी और आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए सरकार की प्राथमिकताओं पर भी सवाल उठाए।उनका आरोप था कि युवाओं को नशे से बचाने के बजाय सरकार गैरजरूरी मामलों की जांच में उलझी हुई है।जयराम ठाकुर ने पंचायत चुनावों का जिक्र करते हुए दावा किया कि चौपाल में 84 में से 74 प्रधान भाजपा विचारधारा से जुड़े निर्वाचित हुए हैं।उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद चौपाल में बीडीसी और जिला परिषद में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को सफलता मिली है।उन्होंने जिला परिषद अध्यक्ष बनने पर क्षेत्र को बधाई देते हुए जिला परिषद सदस्य मन्नत और अतुल की सराहना की।जयराम ठाकुर ने विधायक बलबीर वर्मा के नेतृत्व में चौपाल में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र को उपमंडल कार्यालय,जल शक्ति विभाग का डिविजन,सिविल अस्पताल और इंडोर स्टेडियम जैसी सुविधाएं मिलीं।उन्होंने वर्तमान सरकार पर पूर्व भाजपा सरकार के समय शुरू किए गए संस्थानों और विकास कार्यों की अनदेखी करने का आरोप लगाया तथा सैंज-देहा-नेरवा-चौपाल सड़क में सुधार का वायदा किया।इससे पहले नेरवा पहुंचने पर जयराम ठाकुर का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया और बाजार से सभास्थल तक रोड शो निकाला गया।इस मौके पर सांसद सुरेश कश्यप,विधायक बलबीर वर्मा,पूर्व विधायक सुभाष मंगलेट,जिला परिषद अध्यक्ष भूपेंद्र सिसौदिया,भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण,रोहड़ू से भाजपा प्रत्याशी शशिबाला और शिमला भाजपा अध्यक्ष केशव चौहान सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
